-->

Breaking News

साहब! इलाज कराने भोपाल जाना है, डॉक्टर से रिपोर्ट दिलवा दो


विवेक ने कलेक्टर से लगाई गुहार


भावपुर की अनुसूचित जाति बस्ती में हैंडपंप लगाने कलेक्टर ने दिए निर्देश


राजकुमार पंत

गुना, ब्यूरो। साब ! जिला अस्पताल गुना में लगे स्वास्थ्य शिविर में भोपाल से आए चिकित्सा विशेषज्ञ ने मेरी बीमारी के इलाज का एस्टीमेट बनाकर दे दिया है। लेकिन जिला अस्पताल के डॉक्टर अपनी रिपोर्ट बनाकर नहीं दे रहे हैं। मुझे डॉक्टर से रिपोर्ट दिलवा दें, ताकि मैं अपना इलाज शुरू करवा सकूं। यह गुहार आज यहां कलेक्टर जनसुनवाई में गुना निवासी श्री विवेक पाठक ने कलेक्टर राजेश जैन से लगाई। कलेक्टर ने उसी वक्त डॉक्टर से आवेदक को रिपोर्ट दिलवाने के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी गुना को निर्देश दिए।


इधर ग्राम चुरैला के रहने वाले लक्ष्मण सिंह सहरिया ने कलेक्टर से शिकायत की कि उसने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत उद्योग विभाग से दो लाख रूपये का ऋण प्रकरण मंजूर कराया था, लेकिन भारतीय स्टेट बैंक के बारंबार चक्कर लगाने के बावजूद वहां के शाखा प्रबंधक द्वारा सिर्फ पैसे लेकर ही ऋण देने की बात की जा रही है। जबकि मैं गरीब आदमी हूँ। मेहरबानी करके मुझे बैंक से ऋण दिलवाने में मदद करें। लक्ष्मण की इस फरियाद पर कलेक्टर ने प्रकरण की जांच करने के महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र को निर्देश दिए। 


राशन-पानी की बताई समस्या


ग्राम भावपुर की अनुसूचित जाति बस्ती के बाशिंदों ने गांव की अनुसूचित जाति बस्ती में पेयजल की कोई व्यवस्था ना होने की ओर ध्यान आकर्षित कराते हुए बस्ती में हैंडपंप उत्खनन कराने की कलेक्टर से फरियाद की। कलेक्टर ने उक्त अनुसूचित जाति बस्ती में हैंडपंप का उत्खनन कराने के अनुविभागीय अधिकारी लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी को निर्देश दिए। इसी प्रकार गोदाम ढोलवाय के पीछे बस्ती के रहने वाले नागरिकों ने भी अपनी बस्ती में पानी की समस्या की ओर ध्यान आकर्षित कराते हुए बस्ती में हैंडपंप लगवाने में मदद करने की कलेक्टर से गुहार लगाई। कलेक्टर ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करने के सहायक यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी को निर्देश दिए। माधोपुर के बाशिंदे  भीकम सिंह ने कलेक्टर को अपनी व्यथा सुनाते हुए बताया कि उसकी पत्नी के दिमाग की नस फट जाने से उसका इलाज कराने हेतु बीपीएल राशन कार्ड बनवाने में मदद करने की कलेक्टर से फरियाद की। इसी प्रकार गोडबाबा की गली में रहने वाली रश्मि अहिरवार ने कलेक्टर को अपनी व्यथा सुनाते हुए बताया कि उसकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। रश्मि ने अपना नाम बीपीएल सूची में जुड़वाने की कलेक्टर से फरियाद की। कलेक्टर ने इन प्रकरणों में तत्परता से उचित कार्रवाई करने की अनुविभागीय अधिकारी राजस्व गुना को हिदायत दी।


आम रास्ता चालू कराने की लगाई गुहार 


ग्राम सानई के रहने वाले केदारसिंह लोधा ने कलेक्टर से शिकायत की गांव के दबंगों ने गांव के आम रास्ते पर बेजा कब्जाकर रास्ते को बंद कर दिया है। केदारसिंह ने आम रास्ता चालू करवाने की कलेक्टर से गुहार लगाई। कलेक्टर ने इस मामले में फौरन उचित कार्रवाई करने के तहसीलदार कुंभराज को निर्देश दिए। ग्राम ढुरढुरू के रहने वाले चन्द्रमोहन सिंह यादव ने कलेक्टर से शिकायत की कि उसने भावांतर भुगतान योजना के तहत मंडी में उड़द बेची थी। लेकिन उसको अब तक भावांतर भुगतान योजना की राशि का भुगतान प्राप्त नहीं हुआ है। चन्द्रमोहन ने भावांतर योजना का लाभ दिलवाने की कलेक्टर से गुहार लगाई। कलेक्टर ने इस प्रकरण में तत्परता से उचित कार्रवाई करने की उपसंचालक कृषि को हिदायत दी।


No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com