-->

Breaking News

Women's Day पर CM शिवराज का ऐलान, MP में सरकार महिला कोष की करेगी स्थापना



भोपाल। एक दिन ही महिला दिवस क्यों हो। जब कोई भी दिन महिला के बिना घर, समाज और राष्ट्र नहीं चल सकता तो हर दिन महिला के सम्मान का क्यों न हो। ये तो अमेरिका में हुए आन्दोलन के चलते 8 मार्च को महिला दिवस मानते हैं।अमेरिका और रूस में महिलाओं को अपने सम्मान और अधिकार के लिए लड़ाई लड़नी पड़ी, लेकिन भारत में आदिकाल से महिलाओं को देवी माना जाता है। यहाँ यत्र नार्यस्तु  रमन्ते तत्र देवता का भाव है । हमारे देश की रक्षा मंत्री, विदेश मंत्री और लोकसभा स्पीकर भी महिला हैं। हमारे देश में तो हमेशा से महिलाओं को सम्मान मिला है, देवता भी संकट की दशा में शक्ति की शरण ली है।भारत के विशिष्ट पदों पर आज हमारी माताएँ-बहनें विराजमान हैं और पद की गरीमा को बढ़ाते हुए बड़े व महत्वपूर्ण फैसले ले कर हम सभी को गौरवान्वित कर रही हैं।यह बात आज मुख्यमंत्री शिवराज ने महिला दिवस पर भोपाल में आयोजित महिला सम्मेलन में कहीं।सम्मेलन की अध्यक्षता महिला बाल विकास मंत्री अर्चना चिटनिस ने की। वही राज्य मंत्री ललिता यादव कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि रही।

उन्होंने कहा कि  महिलाओं को लेकर एक दूसरी तस्वीर भी है, जिसे हमने बचपन से देखा है कि बेटा हो तो सब खुश, लेकिन कन्या का जन्म हो तो उसकी माँ से लेकर पूरा परिवार दुखी हो जाता है। इस सोच को बदलना होगा। मैंने मुख्यमंत्री बनते ही सबसे पहले मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना बनाई, ताकि बेटी बोझ नहीं, बल्कि वरदान बन जाये। आज मध्यप्रदेश में जन्म लेने वाली हर बेटी लखपति है। हमने स्थानीय निकाय चुनाव में बहनों को 50 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की, आज मुझे गर्व है कि निकायों में 56 प्रतिशत महिलाएं प्रतिनिधित्व कर रही हैं, मेरी बहनों ने मेरे फैसले को सही साबित कर दिया। महिलाओं ने अपने उत्कृष्ट कार्य से सिद्ध किया है कि वे देश या प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया को चलाने का सामर्थ्य रखती हैं। वन विभाग को छोड़कर सभी सरकारी नौकरी में 33 प्रतिशत और शिक्षक की भर्ती में 50 प्रतिशत आरक्षण बेटियों को दिया जा रहा है। हॉकी की नेशनल टीम में हमारी 6 बेटियों का चयन हुआ और अपने उत्कृष्ट खेल से देश-प्रदेश का अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर गौरव बढ़ाने का काम किया ।

महिलाओं को सौगात

इस मौके पर महिलाओं के लिए घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में महिला कोष की स्थापना की जायेगी और अविवाहित बहनों को 50 साल की उम्र की होने पर पेंशन की सुविधा प्रदान की जायेगी। गर्भवती श्रमिक महिलाओं को पोषण आहार के लिए 4 हजार रुपए अलग से दिए जाएंगे,  साथ ही प्रसव के बाद प्रसूता के खाते में 12,500 रुपए जमा कराया जाएगा। हाई कोर्ट में 30% महिलाएं शासकीय अधिवक्ता के रूप में रहें। इस दिशा में भी हम प्रयास कर रहे हैं। मध्यप्रदेश की धरती पर हमने तय किया है कि मासूम बेटियों के साथ रेप करने वाले दुराचारियों को फांसी के फंदे पर लटकाने का विधेयक बनाकर माननीय राष्ट्रपति जी को भेज दिया है। ऐसे नराधम को ज़िंदा रहने का अधिकार नहीं है

महिलाओं को बांटी ऑटोरिक्शा की चाबी

इस सम्मेलन से पहले मुख्यमंत्री ने भोपाल में जवाहर बाल भवन परिसर में नवनिर्मित "कामकाजी महिला वसति गृह 'स्वयंसिद्धा' (Hostel)" का लोकार्पण किया और इसका अवलोकन किया। उन्होंने इस मौके पर लगी प्रदर्शनी भी देखी। इसके बाद आत्मनिर्भर महिला चालक को ऑटोरिक्शा की चाबी सौंपी।

बेहतर काम करने पर सम्मान

सम्मेलन में महिलाओं तथा बच्चों के कल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ठ कार्य करने वाले व्यक्तियों को पुरस्कृत किया गया। लाड़ो अभियान के अन्तर्गत 100 से अधिक बाल-विवाह रूकवाने के लिये मंदसौर के राघवेन्द्र पुरोहित , लाड़ो अभियान के अन्तर्गत स्वयं के बाल-विवाह को रोकने के लिये हरदा की अनिता विश्वकर्मा, जबलपुर की प्रख्यात बाल गायिका और लाड़ो अभियान की ब्रांड एम्बेसेडर इशिता विश्वकर्मा को सम्मानित किया गया।वहीं लिंगानुपात में सुधार के लिये बुरहानपुर जिले को एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया।इसके साथ ही भोपाल की सुश्री पूनम श्रोती को मुख्यमंत्री नारी सुरक्षा सम्मान प्रदान किया गया।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com