-->

Breaking News

कमलचंद भंजदेव ने 500 समर्थकों के साथ किया BJP प्रवेश

रायपुर !  हैट्रिक की तैयारी में जुटी भाजपा सरकार ने बस्तर राजपरिवार को पार्टी में मिला लिया है। भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में आज मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेश प्रभारी जगत प्रसाद नड्डा, भाजपा अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, महामंत्री रामप्रताप सिंह, मंत्री बृजमोहन अग्रवाल की उपस्थिति में महाराज कमलचंद भंजदेव अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। इस अवसर पर कार्यालय परिसर में जमकर आतिशबाजी की गई।पत्रकारों को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रामसेवक पैकरा ने कहा कि आज श्री भंजदेव ने अपने 500 से अधिक समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ली। उन्होंने उनके भाजपा प्रवेश से पार्टी को मजबूती मिलने की बात कही है। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि जन्माष्टमी के अवसर पर श्री भंजदेव ने भाजपा प्रवेश कर इस क्षण को यादगार बना  दिया है। श्री कमलचंद के पिता स्व. महाराज प्रवीण सिंह ने मध्यप्रदेश के लिए उल्लेखनीय कार्य करते हुए अपने प्राणों की आहूति दी। उन्होंने वनवासियों के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। बस्तर दशहरा पर्व में इस राजपरिवार की प्रमुख भूमिका रहती है। आज भाजपा में शामिल सदस्यों में देवेन्द्र सिंह, ज्ञान सिंह, तारा सिंह मांझी, गणेशी नेगी, चैनसिंह ठाकुर सहित अन्य समर्थक शामिल हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि श्री भंजदेव के भाजपा प्रवेश के बाद राज परिवार से जुड़े सैकड़ों लोग भाजपा में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि भाजपा ने बस्तर में 12 में से 11 सीट पाई है। अब प्रदर्शन और बेहतर होगा। राज परिवार बस्तर के विकास में शुरू से लगा हुआ है। अब पार्टी में भाजपा की ओर से राजपरिवार की अगुवाई में बेहतर विकास होगा।
विचारधारा से प्रभावित होकर ली सदस्यता : भंजदेव
बस्तर राज परिवार के उत्तराधिकारी महाराज भंजदेव ने इस अवसर पर कहा कि आज का दिन काफी महत्वपूर्ण है एवं मैं सौभाग्यशाली हूं कि भाजपा में शामिल हुआ। मैं अपने पूर्वजों के भांति जनता की सेवा के लिए भाजपा में आया हूं। गुजरात, मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ में हो रहे विकासों को देखा। जिसके बाद यह प्रतीत हुआ कि भाजपा ही सभी वर्गों के लिए हितकारी है। मैं गर्व से कहता हूं कि रमन सिंह जैसे उदारवादी सोच एवं विचारधारा के व्यक्ति के नेतृत्व में काम करूंगा। भाजपा की कल्याणकारी योजनाओं से प्रदेश उन्नत हो रहा है। मुख्य रूप से मैं भाजपा सरकार की खाद्यान्न योजना से प्रभावित हूं। रमन सिंह एक उदार पुरुष है। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रदेश की जनता की सेवा करूंगा।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com