-->

Breaking News

जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए रवाना हुए PM

 नई दिल्ली। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए आज रूस के सेंट पीटर्सबर्ग शहर रवाना हो गए। वह इस दौरान वैश्विक अर्थव्यवस्था की चुनौतियों विशेषकर मुद्रा बाजारों में मची हलचल से निपटने के उपाय ढूंढेंगे। सम्मेलन और द्विपक्षीय बैठकों में हिस्सा लेने के अलावा यह दौरा मनमोहन सिंह को ब्रिक्स (ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका) देशों के नेताओं से मिलने का अवसर प्रदान करेगा। प्रधानमंत्री शनिवार को भारत लौटेंगे।
आठवें जी-20 शिखर सम्मेलन का मुख्य विषय गुणवत्तापूर्ण रोजगार और निवेश, विश्वास एवं पारदर्शिता और प्रभावी नियमन के जरिए विकास का नया चक्र शुरू करना है। इससे पूर्व के सम्मेलन वाशिंगटन, लंदन, पिट्सबर्ग, टोरंटो, सियोल, कान और लास कैबोस में आयोजित हुए हैं।भारत के अलावा जी-20 देशों में अर्जेटीना, आस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, इंडोनेशिया, इटली, जापान, मेक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, दक्षिण कोरिया, तुर्की, ब्रिटेन, अमेरिका और यूरोपीय संघ शामिल हैं। पूर्वी एशिया में आए आर्थिक संकट के बाद 1999 में वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक के गवर्नरों के स्तर पर गठित हुए जी-20 समूह ने 2008 के वैश्विक वित्तीय संकट के दौरान इसके शिखर स्तरीय मंच के रूप में उभरने के बाद प्रतिष्ठा पाई है।
रवाना होने से पहले मनमोहन सिंह ने कहा कि सुधार के संकेत दर्शा रहे अमीर देशों को ऐसी नीतियां नहीं अपनानी चाहिए जो उभरती अर्थव्यवस्थाओं के विकास की संभावनाओं को नुकसान न पहुंचाएं। अमीर और विकासशील देशों को विकास को प्रोत्साहित करने और इसे जारी रखने के लिए रोजगार सृजन और निवेश को बढ़ावा देने पर सामूहिक रूप से ध्यान देना चाहिए।उन्होंने कहा कि हालांकि औद्योगिक देशों में विकास के उत्साहजनक संकेत मिल रहे हैं लेकिन वहां भी उभरती अर्थव्यवस्थाओं में मंदी है, जो महत्वपूर्ण पूंजी प्रवाह के प्रतिकूल प्रभाव का सामना कर रहे हैं। मैं सेंट पीटर्सबर्ग में विकसित देशों द्वारा पिछले कुछ वर्षों में अपनाई गईं गैर परंपरागत मौद्रिक नीतियों से चरणबद्ध तरीके से बाहर निकलने पर जोर दूंगा ताकि विकासशील दुनिया के विकास की संभावनाओं को नुकसान पहुंचाने से बचा जा सके।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com