पिता व भाई ही लूटते रहे अस्मत, मां भी न बन सकी उसका सहारा
लखनऊ। जिस पिता की अंगुली पकड़कर उसने चलना सीखा वह दरिंदगी की हर हद पार कर गया। रक्षा का वचन देने वाले भाई ने खुद उसकी अस्मत को तार-तार कर दिया। मां भी सहारा नहीं बनी। भूत-प्रेत व साये की कहानियां बनाकर पति व पुत्र की करतूत छिपाती रही। परिवार ने इसके लिए एक तांत्रिक का भी सहारा लिया। बुधवार को पीड़ित युवती के जनता दर्शन में पहुंचकर मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाने पर यह सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया। महिला थाना पुलिस ने युवती की ओर से दुष्कर्म व अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी पिता सदन, भाई राहुल व युवती की मां को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सुल्तानपुर निवासी एक तांत्रिक की भी तलाश कर रही है।
कृष्णानगर क्षेत्र में रहने वाला आरोपी पिता रेलकर्मी है और बेटी भी बीए पास है। आरोपी भाई एक शोरूम में सेल्समैन है। मूल रूप से आरा, बिहार के रहने वाला रेलकर्मी व उसका बड़ा बेटा लखनऊ में रहते थे। रेलकर्मी की पत्नी पूर्व में अपनी बेटी व सबसे छोटे बेटे को लेकर मुगलसराय, बिहार स्थित मायके में रहती थीं। वर्ष 2004 में रेलकर्मी ने अपना मकान खरीदा और पूरा परिवार यहां साथ रहने लगा, लेकिन इसके बाद ही युवती पर जुल्म का वह सिलसिला शुरू हुआ। तब युवती हाईस्कूल पास कर बिहार से लौटी थी और नाबालिग थी।
युवती ने पुलिस को जो तहरीर दी है, उसके मुताबिक विरोध करने पर पिता व मां ने उसे न सिर्फ डराया-धमकाया बल्कि यह तक कहा कि एक साया है, जो उसके साथ ऐसा करने के लिए उसके पिता को मजबूर करता है। फिर भाई ने भी यही क्रम शुरू कर दिया। उसके अकेले बाहर जाने पर पाबंदी लगा दी गई।
वहीं, युवती की मां का कहना है कि उसने पति को समझाने की कोशिश की थी पर वह उन्हें ट्रेन से कटकर जान दे देने की धमकी देता था।
एसओ महिला थाना शिवा शुक्ला के मुताबिक युवती की तहरीर पर दुष्कर्म, गर्भपात कराने व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी पिता-पुत्र व उसका मां को गिरफ्तार कर लिया गया है। मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। वहीं, स्नातक कर चुका युवती का सबसे छोटा भाई इसके विरोध में था।
ऐसे मिला हौसला और पीड़ा आई सामने
युवती कई साल से बेहद सहमी रहती थी। बताया गया कि कुछ दिनों पूर्व ही उसने घर के पास ब्यूटी पार्लर कोर्स ज्वाइन किया था, जहां उसने संपर्क में आई अन्य महिलाओं से दबी जुबान अपने दर्द की चर्चा की। यहीं एक महिला की सलाह पर वह बुधवार को जनता दर्शन पहुंची, जिसके बाद मामला प्रकाश में आ सका।

No comments
सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com