-->

Breaking News

वंजारा का जवाब खेमका! बीजेपी और कांग्रेस में हुई ‘डील’

नई दिल्ली। राज्यसभा में गुरुवार को जनता दल (युनाइटेड) और समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसदों ने गुजरात पुलिस की जेल में बंद अधिकारी डीजी वंजारा की मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ लिखी गई चिट्ठी के मुद्दे पर जमकर हंगामा किया। हालांकि कांग्रेस की इस मुद्दे पर चुप्पी से मामले ने तूल नहीं पकड़ा। अब सपा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस और बीजेपी में इस मुद्दे पर डील हो गई है लेकिन वो अपना विरोध जारी रखेंगे।

सुबह 11 बजे जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई जद (यू) और सपा सदस्यों ने इस मुद्दे को उठाना शुरू कर दिया। समाजवादी पार्टी, बीएसपी, जेडीयू और सीपीएम ने राज्यसभा में नोटिस भेज कर डीजी वंजारा मुद्दे पर चर्चा की मांग की लेकिन स्पीकर ने इसकी इजाजत नहीं दी। इसके बाद एसपी, जेडीयू और सीपीएम के सांसदों ने सदन से वॉकआउट कर दिया। वंजारा पर चर्चा से इनकार की वजह में स्पीकर ने कहा कि सदन किसी अंडरट्रायल के बयान पर संज्ञान नहीं ले सकता। गौरतलब है कि 59 साल के वंजारा फर्जी मुठभेड़ के आरोपों में फिलहाल जेल में बंद हैं। इन पार्टियों के विरोध के चलते कार्यवाही में व्यवधान पहुंचने पर उप सभापति पी.जे. कुरियन ने सदन को 15 मिनट के लिए स्थगित कर दिया।

दरअसल आज इस मुद्दे को सदन में कांग्रेस द्वारा हवा देने की आशंका के चलते बीजेपी ने इसके काउंटर में रॉबर्ट वाड्रा और आईएएस अशोक खेमका मुद्दा उठाने की तैयारी कर रखी थी। पार्टी की ओर से इसके लिए सदन में नोटिस भी दिया गया। इसके बाद माना जा रहा है कि दोनों पार्टियों में सहमति बनी कि वे एक-दूसरे के खिलाफ ऐसे मुद्दे नहीं उठाएंगे। मतलब कांग्रेस वंजारा के मुद्दे पर चुप रहेगी और बीजेपी खेमका के मुद्दे पर।
इससे पहले सोमवार रात विदेश रवाना होने से पहले पीएम ने बीजेपी के शीर्ष नेताओं को बुलाकर उन्हें कोल ब्लॉक आवंटन की फाइलें गायब होने के मुद्दे पर सहमति बनाने को कहा लेकिन बीजेपी के इससे इनकार करने पर तय हुआ कि सरकार दोनों सदनों में इस मुद्दे पर बीजेपी को अपनी भड़ास निकालने का पूरा मौका देगी। बाद में हुआ भी यही और गतिरोध खत्म होते ही सरकार ने भूमि अधिग्रहण और पेंशन बिल जैसे अपने महत्वपूर्ण विधेयक बीजेपी की मदद से पास करा लिए।

सपा नेता नरेश अग्रवाल ने कहा कि मुझे मालूम है कि कांग्रेस और बीजेपी इस मुद्दे पर मिली हुई हैं। आपसी सहमति उन्होंने बनाई है और समझौता किया है। वो हमारे रास्ते में अड़चन बनेंगे लेकिन जब तक सत्यता सामने नहीं आएगी हम सदन को चलने नहीं देंगे।

वहीं, बीजेपी की सहयोगी शिवसेना के नेता संजय राउत का कहना है कि अगर सदन में समाजवादी पार्टी वंजारा का मुद्दा उठाएगी तो फिर यूपी में निलंबित की गई आईपीएस दुर्गा शक्ति नागपाल का मुद्दा भी उठना चाहिए। वंजारा ने जो लिखा उसमें उनकी हताशा दिखती है।

उधर, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी ने वंजारा मामले की सीबीआई जांच की मांग की है। कांग्रेस नेता पीएल पूनिया ने इस बाबत सीबीआई को एक चिट्ठी लिख दी है। वहीं, सीबीआई भी वंजारा के पत्र पर कानूनी सलाह लेगी। दरअसल, अपने 10 पन्नों के पत्र में वंजारा ने कहा था कि उनके कार्यकाल में जो भी एनकाउंटर हुए वो सरकार की तय नीतियों के मुताबिक थे। ऐसे में अगर वो दोषी हैं तो सरकार को भी जेल में होना चाहिए।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com