भागवत से रात्रिभोज पर मिले आडवाणी और सुषमा
नई दिल्ली | भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और सुषमा स्वराज ने गुरुवार को
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत के साथ रात्रिभोज पर बैठक
की।बताया जाता है कि नरेन्द्र मोदी को आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा
का प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने की मुहिम का आडवाणी और सुषमा
विरोध कर रहे हैं और संभवत: इसी मुद्दे पर उन्होंने भागवत से बातचीत की है।
रात्रिभोज आडवाणी ने दिया था, जिसमें भागवत और सुषमा मौजूद थीं और समझा
जाता है कि तीनों ने चर्चा की कि मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार अभी
घोषित किया जाए या इसे मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और दिल्ली के
आगामी विधानसभा चुनाव संपन्न होने तक टाला जाए।
यह बैठक महत्वपूर्ण समझी जा रही है, क्योंकि खबर है कि मध्य प्रदेश के
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भागवत, आडवाणी और भाजपा अध्यक्ष राजनाथ
सिंह से पिछले रविवार मुलाकात कर आग्रह किया था कि मोदी को विधानसभा
चुनावों से पहले प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार न घोषित किया जाए, क्योंकि
इससे राज्य में मुस्लिम मतों के ध्रुवीकरण से 30 से अधिक सीटों पर पार्टी
को नुकसान होगा।
चौहान ने हालांकि भागवत और भाजपा के शीर्ष नेताओं के साथ बैठक के तीन दिन
बाद आज टवीट कर इस बात से इंकार किया कि वह मोदी को प्रधानमंत्री पद का
उम्मीदवार बनाये जाने के विरोध में हैं।
चौहान ने कहा कि मीडिया के कुछ वर्गों में ऐसी खबरें हैं कि नरेन्द्र मोदी
को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनाये जाने पर मुझे आपत्ति है।
ऐसी खबरें
निराधार और गुमराह करने वाली हैं, भाजपा में पार्टी सर्वोपरि है और पार्टी
ही सही समय आने पर प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के बारे में फैसला कर नाम
का ऐलान करेगी। इस संबंध में किसी भी अटकलबाजी से बचा जाए।
इस बीच पार्टी सूत्रों ने बताया कि भागवत, आडवाणी और सुषमा ने मोदी को
प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करने के नफा नुकसान पर चर्चा की है।
खबर है कि आडवाणी और सुषमा अभी भी मोदी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीवार
घोषित करने के खिलाफ हैं, जबकि संघ और भाजपा का एक बडा वर्ग महसूस करता है
कि घोषणा करने में अब और विलंब नहीं करना चाहिए।
महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए संघ, भाजपा, विहिप और संघ परिवार के
अन्य संगठनों की समन्वय समिति की बैठक 8 और 9 सितंबर को हो रही है। मोदी को
प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बैठक के एजेंडे में नहीं है लेकिन इस बारे
में कुछ आवाजें उठ सकती हैं।

No comments
सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com