-->

Breaking News

अटलजी की कमी हमेशा खलती है: आडवाणी

लखनऊ। देश के पूर्व प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें जीवन में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कमी हर कदम पर खलती है। आडवाणी ने वाजपेयी की इच्छा पूरी करने के लिए स्थानीय सांसद लालजी टंडन को धन्यवाद भी दिया। राजधानी लखनऊ में साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर के लोकार्पण अवसर पर आडवाणी ने यह बातें कहीं। इस दौरान पूर्व राष्ट्रपति ए.पी.जे. अब्दुल कलाम भी मौजूद थे।
आडवाणी ने कहा कि अपने सार्वजनिक जीवन में मैंने ऐसा कार्यक्रम कार्यक्रम कभी नहीं देखा। यह सभागार असाधारण है। अटल जी की परिकल्पना आज साकार हुई, यह देखकर बहुत खुशी हो रही है। इस खुशी को शब्दों में बयां नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि आज अगर अटल जी यहां होते तो वह भी बहुत खुश होते। उनके प्रयासों की वजह से ही इतना बड़ा सभागार मूर्त रूप ले पाया है इसलिए इस मौके पर उनकी कमी काफी खल रही है और यही कमी कार्य करते हुए अखरती रहती है।
आडवाणी ने कहा कि आजादी के बाद भारत को जितना महत्व मिलना चाहिए था, वह नहीं मिल पाया है। 20वीं शताब्दी में भी भारत को वह दर्जा अभी तक नहीं मिल पाया है लेकिन मुझे भरोसा है कि 21वीं सदी भारत की ही होगी। सभागार में मौजूद हजारों लोगों का आह्वान करते हुए आडवाणी ने कहा कि यहां मौजूद सभी लोगों को यह दृढ निश्चय करना होगा कि वह अपने-अपने तरीके से देश को आगे ले जाने में सहयोग करेंगे।
आडवाणी ने इस मौके पर यह भी साफ किया कि वह जीवन में कभी भी नैतिकता से समझौता नहीं करेंगे और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ते रहेंगे। इससे पूर्व कलाम ने कहा कि देश आर्थिक महाशक्ति तभी बन पाएगा जब उत्तर प्रदेश का आर्थिक विकास सही तरीके से होगा। कलाम ने युवाओं से आगे बढ़कर देश की जिम्मेदारी संभालने की भी अपील की और यह भी कहा कि 21वीं सदी भारत की ही होगी।
कलाम ने कहा कि मैं उत्तर प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में घूमा हूं। पश्चिम से लेकर पूर्व तक हर जगह गया हूं। यहां संसाधनों की कमी नहीं है। अगर यहां की सरकार चाहे तो यह प्रदेश आर्थिक विकास की दिशा में आगे बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि मैं पिछली बार जब लखनऊ आया था तब एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री से भी मुलाकात हुई थी। मैंने उन्हें यह बातें बताई थी। उनसे कहा था कि राजनीति से ऊपर उठकर अगर सभी पार्टी के लोग एकजुट होकर प्रयास करें तो प्रदेश का काफी विकास हो सकता है।
उन्होंने कन्वेंशन सेंटर में मौजूद लोगों को यह भी याद दिलाया कि प्रदेश से राजनीति के क्षेत्र में काफी महान लोग निकले हैं और यह प्रदेश हमेशा से ही देश के विकास में अहम योगदान देता रहा है। साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर की प्रशंसा करते हुए कलाम ने कहा कि यह देखकर काफी हर्ष होता है कि सांसद और विधायक निधि से इतनी बेहतरीन इमारत बनकर तैयार हुई है। इससे भी अधिक खुशी इस बात से है कि आज अटल जी का सपना पूरा हो गया।
इस मौके पर उन्होंने बीजेपी के स्थानीय सासंद लालजी टंडन की प्रशंसा करते हुए कहा कि अटल जी का सपना पूरा करने में आपने काफी मेहनत की है और इसके लिए आप बधाई के पात्र हैं। राजधानी लखनऊ के शाहमीना रोड पर करीब 25 करोड़ की लागत से बना साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर का पहला चरण पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में पूरा हुआ था। कलाम ने शुक्रवार को इसके दूसरे चरण का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया। इस दौरान पूरा कन्वेंशन सेंटर खचाखच भरा हुआ था।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com