-->

Breaking News

असमा जहांगीर को भारत में मारना चाहता था पाकः रिपोर्ट


वॉशिंगटन।। पाकिस्तानी सैन्य अधिकारियों ने मानवाधिकार कार्यकर्ता असमा जहांगीर की भारत में हत्या करने की योजना बनाई थी। यह योजना पाकिस्तान के सुरक्षा प्रतिष्ठानों के रवैये की कड़ी आलोचक असमा की भारत यात्रा के दौरान अमल में लाई जानी थी। यह दावा अमेरिकी मीडिया की एक रिपोर्ट में किया गया है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अमेरिका की खुफिया एजेंसियों को इस साजिश का पता चल गया था।

अमेरिकी सर्विलांस प्रोग्राम का खुलासा करने वाले विसिलब्लोअर एडवर्ड स्नोडेन से मिले दस्तावेजों के आधार पर 'वॉशिंगटन पोस्ट' ने इस दावे के साथ बताया है कि असमा को मारने की योजना इसलिए रद्द करनी पड़ी क्योंकि असमा को इसके बारे में पता चल गया था और उन्होंने यह जानकारी आम कर दी थी। रिपोर्ट में बताया गया है कि इस संबंध में खुफिया एजेंसियों को मई, 2012 में सुबूत मिले थे। टॉप सीक्रेट डिफेंस इंटेलिजेंस एजेंसी (डीआईए) की रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ है।

डीआईए ने हालांकि यह नहीं बताया है कि इस साजिश में कौन-कौन शामिल था, लेकिन इतना जरूर कहा कि यह काम आतंकियों या पाकिस्तान में मौजूद अपराधियों को दिया जाना था। यदि भारत में हत्या करने की साजिश सफल नहीं होती तो उन्हें (असमा जहांगीर) पाकिस्तान में मार दिया जाता। डीआईए ने यह भी नहीं बताया कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई ने इस योजना पर मुहर लगाई थी या नहीं। रिपोर्ट में हालांकि अनुमान लगाया गया है कि आईएसआई को भी इसकी जानकारी थी।


रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि भले ही पाकिस्तान की यह योजना फेल हो गई हो लेकिन यह अपनी तरह का अकेला मामला नहीं है। यह तो केवल एक उदारहण है कि किस तरह पाकिस्तानी सेना और इंटेलिजेंस लीडर एक्स्ट्राजुडिशल हत्याओं को अंजाम देते हैं। स्नोडेन द्वारा वाशिंगटन पोस्ट को दिए गए दस्तावेजों में बताया गया है कि अमेरिका की खुफिया एजेंसियों को न केवल असमा की हत्या की योजना के बारे में जानकारी थी बल्कि उन्हें पाकिस्तानी सेना और इंटेलिजेंस अधिकारियों के निशाने पर रहे और भी कुछ संदिग्थ आतंकियों और दूसरे सैन्य अधिकारियों की हत्या के लिए बनाई गई इस तरह की कई गुप्त योजनाओं जानकारी थी।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com