-->

Breaking News

भोपाल की BRTS पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी के नाम पर : मुख्यमंत्री

भोपाल । भोपाल के बीआरटीएस का नाम देश के पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखा जायेगा। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने यह घोषणा आज यहाँ भोपाल नगर की अत्याधुनिक लोक परिवहन सेवा बीआरटीएस माय बस के लोकार्पण समारोह में कही। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि इस सेवा का उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करें। करीब 368 करोड़ की लागत से निर्मित बीआरटीएस के लोकार्पण समारोह में नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री बाबूलाल गौर, गृह मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता और सांसद श्री कैलाश जोशी विशेष रूप से उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश के शहरों के विकास तथा सौन्दर्यीकरण के लिये 2000 करोड़ रूपये स्वीकृत किये गये हैं। भोपाल के विकास के लिये भी पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाई गई है। बढ़ते हुए भोपाल के नैसर्गिक सौन्दर्य को बचाते हुए यातायात की बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाना एक चुनौती थी। इसे बीआरटीएस के माध्यम से इसे पूरा किया गया है। इसमें भोपाल की जनता तथा जन-प्रतिनिधियों ने सकारात्मक सहयोग किया है। इसके माध्यम से एक संकल्प पूरा हो रहा है और एक सपना साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी शहरों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने के लिये मुख्यमंत्री पेयजल योजना बनाई गई है। ग्रामों में भी नलों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध करवाने के लिये मुख्यमंत्री पेयजल योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। वर्षों पूर्व बनी अवैध कॉलोनियों को वैध करने के लिये नियम बनाने का निर्णय लिया गया है। ऐसी योजना बनाई जा रही है जिसमें शहरों के विस्तार में गरीबों के आवास के लिये सुरक्षित स्थान रहें। उन्होंने कहा कि अगले पाँच वर्ष में प्रदेश में लघु और कुटीर उद्योगों का जाल बिछाया जायेगा। निवेश, रोजगार और राजस्व पर विशेष जोर दिया जायेगा।

स्वागत भाषण में महापौर श्रीमती कृष्णा गौर ने बीआरटीएस तथा नगर निगम द्वारा करवाये जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 24 किलोमीटर लम्बा यह बीआरटीएस देश का सबसे लम्बा बीआरटीएस है। इसमें 82 बस स्टॉप है। जहाँ हर दस मिनिट में बस मिलेगी। नगर निगम झीलों को बचाने का मास्टर प्लान बना रहा है।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कार्यक्रम में अत्याधुनिक लोक परिवहन सेवा माय बस के साथ भोपाल-इंदौर के बीच चलने वाली चार नई वाल्वो बस, माय बस के दो नये मार्ग, माय बस के हिरदाराम नगर स्थित बस डिपो, मोतिया तालाब को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिये पातरा नाले पर निर्मित धोबी घाट का लोकार्पण भी किया। उन्होंने माय बस न्यूज लेटर का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री ने माय बस में बैठकर बैरागढ़ से लालघाटी चौराहे तक की यात्रा की।

कार्यक्रम में राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष श्री रामेश्वर शर्मा, राज्य कुक्कुट विकास निगम के अध्यक्ष श्री शैतान सिंह पाल, राज्य वरिष्ठ नागरिक आयोग के उपाध्यक्ष श्री नानकराम वाधवानी, विधायक सर्वश्री जीतेन्द्र डागा, विश्वास सारंग, ध्रुव नारायण सिंह, महापौर परिषद के सदस्य श्री आलोक शर्मा, प्रमुख सचिव नगरीय प्रशासन श्री एस.एन. मिश्रा, आयुक्त नगरीय प्रशासन श्री संजय शुक्ला, कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े और नगर निगम कमिश्नर श्री विशेष गढ़पाले सहित जनप्रतिनिधि तथा नागरिक उपस्थित थे।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com