-->

Breaking News

विजयी अभियान बरकरार रखने उतरेंगे धौनी के धुरंधर

मोहाली । टीम इंडिया और कंगारुओं के बीच नंबर वन की जंग विध्वंसक रूप लेते जा रही है। सात मैचों की सीरीज के पहले दो मैचों में हमने जीत हासिल करने के लिए बल्लेबाजों को क्रूरता की हदें पार करते देखा। एक-एक की बराबरी पर चली रही दोनो टीमों शनिवार को सीरीज के तीसरे मुकाबले में 2-1 की मनोवैज्ञानिक बढ़त लेने के इरादे से मैदान में उतरेगी। वर्चस्व की इस लड़ाई में कुल मिलाकर मोहाली में सीरीज के आगे का रास्ता एक तरह से तय होगा। चौकों और छक्कों की बरसात देखने के लिए मैदान में आने वाले दर्शकों को फिर से रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है। मैच में एक बार फिर ओस अहम भूमिका निभा सकती है।

धौनी एंड कंपनी को फिर दिखना होगा दमखम :

जयपुर में अद्भुत, असाधारण और अविश्वसनीय खेल दिखाने वाली धौनी एंड कंपनी को मोहाली में भी पिछले मैच जैसा दमखम दिखाना होगा। पिछले मैच में 360 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य को टीम ने 39 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया था। टीम को यह लय बरकरार रखनी होगी।

गेंदबाजी बनी हुई है कमजोर कड़ी :

भारतीय बल्लेबाज टॉप फॉर्म में हैं वहीं दूसरी तरफ गेंदबाज कमजोर कड़ी बने हुए हैं। इस कमजोर कड़ी का फायदा भारतीय परिस्थितियों से लगभग अभ्यस्त हो चुके कंगारू कप्तान जॉर्ज बेली और उनकी टीम बखूबी उठा रही है। खासकर अनुभवी इशांत शर्मा और विनय कुमार कंगारू बल्लेबाजों के निशाने पर हैं। भारतीय ट्रंप कार्ड आर अश्विन भी कंगारुओं को परेशान नहीं कर सके हैं। इसी भारतीय गेंदबाजी के समक्ष कंगारू टीम ने पिछले मैच में पांच अर्ध शतक लगाने का नया रिकॉर्ड कायम किया था। समस्या यहीं पर खत्म होती नहीं दिखती रात में पड़ने वाली ओस जहां अहम भूमिका निभा सकती है तो वहीं, इन हालात में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को लाभ मिल सकता है। ऐसे में अगर भारतीय टीम को पहले बल्लेबाजी के बाद स्कोर बचना पड़ा तो यह किसी चुनौती से कम नहीं होगा। धौनी के लिए इस विभाग में फेरबदल करना जरूरी होगा। वह बेंच पर बैठे अमित मिश्रा, मुहम्मद शमी से लेकर उनादकट को भी आजमा सकते हैं।

ओस के प्रभाव को कम करने के लिए जा रहे प्रयास :

पिच क्यूरेटर दलजीत सिंह के मुताबिक ओस के प्रभाव को कम करने के लिए स्प्रे के छिड़काव के साथ रस्सी घुमने के प्रबंध किए गए हैं। उनका कहना है कि अगर मौसम साफ रहा तो ओस ज्यादा गिरेंगे। उनके मुताबिक मुकाबला उसी सेंट्रल विकेट पर खेला जाएगा जिसमें पिछले दिनों चैंपियंस लीग टी-20 के मैच खेले गए थे। विकेट से तेज गेंदबाजों के साथ-साथ बल्लेबाजों को भी सामान रूप से मदद मिलेगी।

पिछला हिसाब चुकाने को मौका :

टीम इंडिया के पास यहां पर कंगारुओं से मिली पिछली हार का हिसाब चुकाने का मौका भी होगा। इससे पहले दोनों टीमें यहां दो नवंबर वर्ष 2009 को हुए वनडे मैच में आमने सामने हुई थीं, टीम इंडिया को 24 रनों से शिकस्त का सामाना करना पड़ा था। वैसे टीम इंडिया का यहा प्रदर्शन अच्छा रहा है और उसने कुल 12 मुकाबलों में से आठ में जीत हासिल की है। कंगारुओं की बात की जाए तो यहां खेले पांच में से उन्हें चार में जीत मिली है, जिसमें दो जीत भारत के खिलाफ हैं।

टीमें इस प्रकार हैं :

भारत : महेंद्र सिंह धौनी (कप्तान), शिखर धवन, रोहित शर्मा, विराट कोहाली, युवराज सिंह, सुरेश रैना, अंबाती रायुडू, रवींद्र जडेजा, आर अश्विन, इशांत शर्मा, भुवनेश्वर कुमार, विनय कुमार, अमित मिश्रा, जयदेव उनादकट और मुहम्मद शमी ।

ऑस्ट्रेलिया : जॉर्ज बेली (कप्तान), नाथन कॉल्टर नील, जेवियर डोहर्टी, जेम्स फॉकनर, कॉलम फग्र्युसन, ऐरान फिंच, ब्रॉड हाडिन, मोइजेस हेनरिक्स, फिल हूज , मिशेल जॉनसन, ग्लेन मैक्सवेल, क्लाइंट मैकाय, एडम वोग्स और शेन वॉटसन।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com