मोहाली वनडे: सस्ते में पवेलियन लौटे शिखर धवन
मोहाली। मोहाली वनडे में ऑस्ट्रेलिया
ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। टीम इंडिया को शुरुआत
में ही पहला झटका लगा जब धाकड़ बल्लेबाज शिखर धवन 8 रन बनाकर ही पवेलियन
लौट गए। उन्हें क्लिंट मैके ने विकेटकीपर हैडिन के हाथों कैच
कराया।ऑस्ट्रेलिया ने पुणे में जीत हासिल करते हुए 1-0 की बढ़त बनाई थी
लेकिन भारतीय टीम ने रोहित शर्मा, विराट कोहली के शानदार शतकों और शिखर धवन
की 95 रनों की बेमिसाल पारी की बदौलत जयपुर में 43 ओवरों में ही 360 रनों
के लक्ष्य को हासिल कर अपनी टीम को 1-1 की बराबरी दिला दी थी।
एकदिवसीय
टीमों की रैंकिंग में भारत अभी पहले नंबर पर है और अगर ऑस्ट्रेलिया उसे इस
पद से हटाना चाहता है तो फिर उसे श्रृंखला के बाकी बचे मैच जीतने होंगे।
आईसीसी के मुताबिक 6-1 से जीत हासिल करने की सूरत में ही ऑस्ट्रेलिया पहले
नंबर पर काबिज हो जाएगा जबकि भारत को अपनी कुर्सी बचाए रखने के लिए सिर्फ
दो जीत की जरूरत है।
जयपुर में धमाकेदार जीत हासिल
करने के बाद अब टीम इंडिया की नजर मोहाली में एक और जीत पर है। सात मैचों
की सीरीज में दोनों टीमें 1-1 से बराबरी पर हैं। पुणे में पहला मैच
ऑस्ट्रेलिया ने 72 रनों से जीता था। लेकिन जयपुर में टीम इंडिया ने जबरदस्त
वापसी की।
टीम इंडिया ने जयपुर वनडे में पहाड़ सरीखे
स्कोर का पीछा किया और ऑस्ट्रेलिया को करारी शिकस्त दी। भारत ने अपने सबसे
बड़े 359 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 6 ओवर रहते ही 9
विकेट से हरा दिया। टीम मोहाली में भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इसी अंदाज में
अपने विजय अभियान को जारी रखने के लिए उतर रही है। ऐसे में दबाव
ऑस्ट्रेलिया पर है और भारत के हौसले बुलंद हैं।
क्या फिर पिटेंगे गेंदबाज?
टीम
इंडिया ने पिछले मुकाबले में शानदार खेल दिखाते हुए हिसाब बराबर तो कर
लिया है, लेकिन सिर्फ बल्लेबाजी की बदौलत। टीम की गेंदबाजी अभी भी कमजोर
कड़ी बनी हुई। कोई भी गेंदबाज उम्मीदों पर खरा नहीं उतर रहा है। न पेस अटैक
में धार और न ही फिरकी में कोई जादू। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारतीय टीम
टी-20 मैच को मिलाकर तीन मुकाबले खेल चुकी हैं, लेकिन गेंदबाजी औसत से भी
कम नजर आ रही है।
टी-20 में ऑस्ट्रेलिया ने जहां 200
रन का स्कोर पार किया, वहीं पहले वनडे में 300 और दूसरे वनडे में 350 से
ज्यादा का स्कोर खड़ा किया। अगर भारतीय गेंदबाजी की बात की जाए तो सबसे
ज्यादा निराश किया टीम के सबसे अनुभवी गेंदबाज ईशांत शर्मा। पिछले साल
अगस्त में ईशांत ने शानदार वापसी करते हुए खुद को स्ट्राइक गेंदबाज के रूप
में साबित किया था। लेकिन उनका मौजूदा प्रदर्शन दयनीय नजर आ रहा है। ईशांत
शुरुआती दो वनडे में 16 ओवर की गेंदबाजी में 7.67 की इकोनॉमी रेट से 126 रन
लुटा चुके हैं। इस दौरान उन्हें सिर्फ एक सफलता मिली है।
ईशांत
के करियर को 6 साल हो गए हैं और जहीर खान के जाने के बाद टीम उनसे काफी
उम्मीद लगा रही थी। ईशांत का प्रदर्शन इसलिए भी चिंताजनक हैं, क्योंकि टीम
के सबसे नए गेंदबाज भुवनेश्वर उनसे बेहतर गेंदहबाजी कर रहे हैं। हालांकि
अनुभव की कमी के चलते डेथ ओवर्स में भुवनेश्वर भी रनों की रफ्तार पर रोक
लगाने में नाकाम रहे हैं। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी टीम की इस कमजोरी से
अच्छी तरह वाकिफ हैं।
पेस तिकड़ी के तीसरे गेंदबाज
विनय कुमार का भी बुरा हाल है। आलम ये है कि ईशांत और भुवनेश्वर की तरह
विनय भी अपने कोटे के पूरे ओवर भी नहीं फेंक सके हैं। विनय ने शुरुआती दो
मैचों में 18 ओवर की गेंदबाजी में 141 रन दिए। मोहाली की विकेट पर हमेशा से
पेसर्स की भूमिका अहम रही है। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अगर टीम
इंडिया को सीरीज में बढ़त बनानी है तो तेज गेंदबाजों को हर हाल में लय में
लौटना होगा।

No comments
सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com