-->

Breaking News

‘नमो-शिव’ की जुगलबंदी से MP में जीत की हैट्रिक लगाएगी BJP

भोपाल | मध्यप्रदेश विधानसभा चुनावों में भाजपा के पीएम इन वेटिंग नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित प्रचार का जादू कितना चल पायेगा, इस बारे में कयासों का दौर जारी है.हालांकि प्रदेश की भाजपा सरकार के मंत्रियों का दावा है कि चुनाव प्रचार में मोदी के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जुगलबंदी पार्टी के लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की बाधाएं दूर कर देगी.

‘नमो-शिव’ मंत्र का चुनावी जाप करने वाले मंत्रियों की फेहरिस्त में नया नाम महेंद्र हार्डिया का है. स्वास्थ्य राज्य मंत्री ने कहा, ‘जब मोदी और शिवराज भाजपा के पक्ष में मिलकर प्रचार करेंगे, तो वे दो नहीं बल्कि ग्यारह साबित होंगे. निश्चित रूप से भाजपा को इसका सीधा लाभ होगा.हार्डिया ने अपने इस दावे के पक्ष में कहा, ‘मोदी की ओर युवाओं का खासा रुझान है. इस बार विधानसभा चुनावों में युवा मतदाताओं की बड़ी संख्या है.’

स्वास्थ्य राज्य मंत्री से पहले प्रदेश के उद्योग मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी ‘नमो-शिव’ मंत्र का जाप कर चुके हैं. विजयवर्गीय ने 19 सितंबर को कहा था, ‘विधानसभा चुनावों में मोदी फैक्टर सोने पर सुहागा की तरह है. शिवराज का प्रदेश में वैसे ही बहुत प्रभाव है. मोदी के आने से भाजपा का सूबे में असर बढ़ेगा और हम कुल 230 सीटों में से लगभग 175 सीटें जीत सकेंगे.’

विधानसभा चुनावों की सरगर्मियां बढ़ाते हुए मोदी 25 सितंबर को भोपाल में भाजपा के कार्यकर्ता महाकुंभ में शामिल हुए थे. यह पहला मौका था, जब गुजरात के महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री ने भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बनने के बाद प्रदेश में पहली बार किसी रैली को संबोधित किया था और इस दौरान शीर्ष भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी और शिवराज के साथ मंच साझा किया था.

भाजपा हालांकि पहले ही कह चुकी है कि वह प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी को मजबूती देने के लिये मोदी की बतौर स्टार प्रचारक मदद लेगी. लेकिन भाजपा सूत्र बताते हैं कि जीत की हैट्रिक बनाने के लिये सत्तारूढ़ दल विकास के मुद्दे पर दांव लगाते हुए चुनावी मैदान में उतरा है और उसके चुनाव प्रचार की केंद्रीय भूमिका में स्वाभाविक तौर पर शिवराज ही हैं.

इस बीच, सियासी जानकारों का अनुमान है कि मोदी फैक्टर प्रदेश की करीब 60 विधानसभा सीटों के चुनाव परिणामों पर अपना सीधा असर दिखा सकता है, बशर्ते प्रधानमंत्री पद के भाजपाई उम्मीदवार को इन क्षेत्रों में सत्तारूढ़ दल के प्रचार के लिये उतारा जाये.

उधर, प्रदेश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस बराबर दावा कर रही है कि मोदी के प्रदेश में भाजपा के चुनाव प्रचार में उतरने से सत्तारूढ़ दल को फायदे के बजाय नुकसान होगा.कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने 24 सितंबर को कहा था, ‘अगर मोदी मध्यप्रदेश में भाजपा का चुनाव प्रचार करने आ रहे हैं, तो उनका स्वागत है. लेकिन इतिहास इस बात का गवाह है कि वह जहां-जहां चुनाव प्रचार के लिये गये, वहां-वहां भाजपा का बंटाधार हो गया और उसे हार का सामना करना पड़ा.’

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के वर्ष 1998 के विधानसभा चुनावों के दौरान मोदी भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्य के प्रभारी थे. उस वक्त कांग्रेस ने भाजपा को पटखनी देते हुए अपनी सरकार बनायी थी.दिग्विजय ने कहा, ‘हमने गुजरे अरसे में उत्तराखंड, कर्नाटक और असम में भी मोदी के प्रचार का मुकाबला किया है.’

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com