-->

Breaking News

जमानत लेकर जेल से बाहर आये यशवंत सिन्हा

हजारीबाग (झारखंड) : भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी की मंगलवार को जेल में यशवंत सिन्हा से मुलाकात के बाद आज उन्होंने एक स्थानीय अदालत से जमानत ली। बिजली संकट के मामले में गिरफ्तार किए जाने पर जमानत लेने से इंकार करने वाले सिन्हा को लगभग 15 दिन जेल में बिताने पड़े।

सिन्हा के वकील अनिल कुमार सिन्हा और राज कुमार राजू द्वारा जमानत याचिका पेश किये जाने पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आर बी पाल ने जमानत मंजूरी कर ली। हजारीबाग स्थित सरकारी कार्यालय में कथित र्दुव्‍यवहार के मामले में सिन्हा बीते तीन जून से न्यायिक हिरासत में थे।

सिन्हा से जेल में मुलाकात करने के बाद आडवाणी ने कल संवाददाताओं से कहा था कि सिन्हा को जमानत लेकर जेल से बाहर आना चाहिए और झारखंड में बिजली संकट के खिलाफ भाजपा द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन का नेतृत्व करना चाहिए। उन्होंने कहा था कि इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों के बाद मुख्यमंत्री बनने के लिए सिन्हा ‘बिल्कुल सही’ व्यक्ति हैं।

सिन्हा और उनके कुछ समर्थकों को बीते 2 जून को उस समय गिरफ्तार कर लिया गया था, जब हजारीबाग शाखा के जेएसईबी के महाप्रबंधक धनेश झा ने यह कहते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि उन लोगों ने झा के कार्यालय के पास प्रदर्शन करते हुए उन्हें बांधने का प्रयास किया।

अगले दिन इन सभी ने जमानत लेने से मना कर दिया तो अदालत ने इन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जब इन्होंने 16 जून को भी जमानत के लिए अर्जी नहीं दी तो अदालत ने इनकी हिरासत 28 जून तक बढ़ा दी।

12 जून को भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन और राजीव प्रताप रूड़ी ने भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह की ओर से सिन्हा से आग्रह किया था कि वे जमानत ले लें और राज्य में पार्टी के आंदोलन का हिस्सा बनें। सिन्हा के अलावा, उनके सभी समर्थकों को भी आज जमानत मिल गई।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com