-->

Breaking News

रेल यात्री किराए में वृद्धि के खिलाफ देश भर में प्रदर्शन

नई दिल्ली : रेल यात्री किराए और माल भाड़े में की गई भारी वृद्धि के खिलाफ देश के विभिन्न हिस्सों में प्रमुख विपक्षी पार्टियों के सैकड़ों नेता और कार्यकर्ता आज सड़कों पर उतरे और धरना-प्रदर्शन करके उन्होंने कई स्थानों पर सड़क और रेल यातायात को बाधित किया। किराए में वृद्धि को तत्काल वापस लेने की मांग करते हुए इन नेताओं ने कहा कि यात्री किराए में भारी वृद्धि से मुद्रास्फीति और बढ़ेगी तथा आम जनता पर बोझ बढ़ेगा।

कांग्रेस की दिल्ली इकाई के प्रमुख अरविंदर सिंह लवली के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पश्चिम दिल्ली के जनकपुरी इलाके में प्रदर्शन किया और पुलिस के साथ उनकी झड़प हुई। उन्होंने संसद को दरकिनार करके किराए में वृद्धि के लिए नरेंद्र मोदी सरकार की आलोचना की।

प्रदर्शन के कारण यातायात बाधित हुआ और प्रदर्शनकारियों ने जब बैरिकेड को तोड़ने का प्रयास किया तो पुलिस को पानी की बौछारों का इस्तेमाल करना पड़ा।

लवली ने कहा, ‘‘यह भारी वृद्धि है। कैसे वे संसद के बजट सत्र से महज कुछ सप्ताह पहले किराए में वृद्धि कर सकते हैं। जो लोग चुनाव से पहले ‘अच्छे दिन’ आने की बात करते थे वे अब कड़वी दवाओं के बारे में बात कर रहे हैं।’’ उन्होंने धमकी दी कि अगर फैसले को वापस नहीं लिया गया तो पार्टी ‘रेल रोको’ आंदोलन शुरू करेगी।

उधर, माकपा की दिल्ली इकाई ने भी रेल भवन के बाहर प्रदर्शन किया।समाजवादी पार्टी और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच लखनऊ में उत्तर प्रदेश विधानसभा के सामने झड़प हुई। दोनों के कार्यकर्ताओं ने रेल किराए में वृद्धि के खिलाफ एक-दूसरे पर पथराव किया। भाजपा कार्यालय के सामने स्थित विधानसभा के समक्ष प्रदर्शन कर रहे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मोदी का पुतला दहन किया और नारेबाजी की।

भाजपा ने आरोप लगाया कि सपा कार्यकर्ताओं ने उनके पोस्टर फाड़ दिए और पार्टी कार्यालय पर पथराव किया जबकि सपा ने आरोप लगाया कि भगवा पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनपर ईंट फेंके। हजरतगंज के थाना प्रभारी ने बताया, ‘‘यद्यपि 3 या 4 पुलिसकर्मी संघर्ष में घायल हुए लेकिन हमारे पास दोनों पक्षों में से किसी के भी घायल होने की खबर नहीं है।’’ राज्य में अन्य स्थानों पर भी कांग्रेस और सपा के कार्यकर्ता रेल पटरी पर बैठ गए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और किराए में वृद्धि को तत्काल वापस लेने की मांग की।सपा कार्यकर्ताओं ने मोदी के निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी में काशी रेलवे स्टेशन के सामने मोदी का पुतला दहन किया।

इलाहाबाद में अनेक सपा कार्यकर्ता प्रयाग रेलवे स्टेशन के पास जमा हो गए और गंगा-गोमती यात्री ट्रेन को आधे घंटे तक रोककर रखा। प्रदर्शनकारी हाथों में झंडा लिए हुए थे और नारेबाजी कर रहे थे। वाराणसी में सपा कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ विश्वविद्यालय पर प्रदर्शन किया। वहां रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा किसी कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे थे और उन्हें काले झंडे दिखाए। पश्चिम बंगाल में कांग्रेस और माकपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने किराए में वृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन किया और केंद्र की भाजपा नीत सरकार पर जन विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया।

एसयूसीआई सदस्यों ने भी राजभवन के बाहर प्रदर्शन किया और उनकी पुलिस के साथ झड़प हुई। किराए में वृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केरल में विभिन्न स्थानों पर ट्रेनों को रोक दिया।पार्टी कार्यकर्ताओं ने बेंगलूर से कन्याकुमारी जा रही आईलैंड एक्सप्रेस को अलूवा स्टेशन के निकट रोक दिया और नारेबाजी की। इसी तरह का प्रदर्शन तिरवनंतपुरम मध्य स्टेशन पर किया गया।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com