-->

Breaking News

इंग्लैंड ने सात विकेट पर 569 रन पर पारी की घोषित

साउथम्पटन: भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में तीसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल रोस बाउल मैदान पर चल रहा है। इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए अपनी पहली पारी 7 विकेट पर 569 रन पर समाप्त घोषित की। 

कामचलाउ ऑफ स्पिनर रोहित शर्मा का भाग्य ने साथ दिया क्योंकि वह बैलेन्स (156) को विकेट के पीछे कैच आउट कराने में सफल रहे हालांकि तब अंपायर का फैसला सही नहीं लग रहा था। भारतीय गेंदबाज हालांकि एजिस बाउल की सपाट पिच पर इंग्लैंड के बल्लेबाजों को किसी तरह से परेशान करने में नाकाम रहे।

लंच के समय बेल 68 रन पर खेल रहे थे जबकि उनके साथ दूसरे छोर पर जो रूट दो रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। बेल और बैलेन्स ने तीसरे विकेट के लिये 142 रन की साझेदारी की। इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने आज सहजता से रन जुटाये। उन्होंने लंच से पहले के 29 ओवरों में 111 रन जोड़े।

इंग्लैंड ने सुबह दो विकेट पर 247 रन से आगे खेलना शुरू किया। भारत को विकेट की सख्त दरकार थी क्योंकि दूसरी नई गेंद तब केवल 10 ओवर पुरानी थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बैलेन्स और बेल ने हालांकि पहले घंटे में कुछ सतर्कता बरती। भुवनेश्वर कुमार और पंकज सिंह ने सुबह गेंदबाजी की शुरुआत की जबकि मोहम्मद शमी को 8वें ओवर में गेंद सौंपी गई। भारतीय गेंदबाजी हालांकि मैच में अब तक प्रभावहीन रही है तथा वह पहले दो मैचौं की तरह अनुशासन नहीं दिखा पाई। गेंदबाजों ने अधिकतर समय ढीली गेंदें करके बल्लेबाजों का काम आसान किया।

पहले दिन का खेल खत्म होने तक फार्म में वापसी करने के बावजूद कप्तान एलिस्टेयर कुक शतक से चूक गए लेकिन गैरी बैलेंस अपने करियर का तीसरा सैकड़ा पूरा करने में सफल रहे जिससे इंग्लैंड ने तीसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के पहले दिन रविवार को भारत के खिलाफ अपना पलड़ा भारी रखा।

कुक ने शुरू में मिले जीवनदान का फायदा उठाकर 95 रन बनाये और बैलेंस (नाबाद 104) के साथ दूसरे विकेट के लिये 158 रन की साझेदारी की। इंग्लैंड ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक दो विकेट पर 247 रन बनाए हैं। बैलेंस के साथ दूसरे छोर पर इयान बेल 16 रन बनाकर खेल रहे हैं। ईशांत शर्मा चोटिल होने के कारण इस मैच में नहीं खेल पाये जिससे भारत की गेंदबाजी पंगु हो गई थी और उसमें अनुशासन की कमी दिखी। पहले दिन केवल मोहम्मद शमी (62 रन देकर एक विकेट) और रविंद्र जडेजा (34 रन देकर एक विकेट) को ही विकेट मिले। पिछले दो मैचों में शानदार प्रदर्शन करने वाले भुवनेश्वर कुमार (58 रन देकर कोई विकेट नहीं) को एजिस बाउल में विकेट का इंतजार है।

अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे पंकज सिंह (62 रन देकर कोई विकेट नहीं) का भाग्य ने साथ नहीं दिया जो उन्हें कुक का विकेट नहीं मिला। जडेजा ने यदि कुक का आसान कैच नहीं छोड़ा होता तो इंग्लैंड के कप्तान का फार्म में लौटने का इंतजार बढ़ जाता। आखिर में जडेजा ने ही उन्हें शतक से वंचित रखा। चाय के विश्राम के बाद जब वह मजबूती से शतक की तरफ बढ़ रहे थे तब लेग साइड की तरफ जाती गेंद उनके बल्ले का हल्का किनारा लेकर महेंद्र सिंह धोनी के दस्तानों में चली गयी। कुक हालांकि अंपायर मारियास इरासमुस के फैसले से खुश नहीं दिखायी दे रहे थे। उन्होंने 231 गेंद खेली तथा नौ चौके लगाये।

भारत ने लार्ड्स में दूसरा टेस्ट मैच 95 रन से जीतकर पांच मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना रखी है। नाटिंघम में पहला टेस्ट मैच ड्रा छूटा था। एजिस बाउल की पिच भी ट्रेंटब्रिज की तरह कुछ सपाट दिख रही है और ऐसे में इसमें भारत को दूसरे विशेषज्ञ स्पिनर की कमी खल सकती है। भारत इस मैच में सात बल्लेबाजों के साथ उतरा है। उसने अपनी टीम में दो बदलाव किये। चोटिल इशांत की जगह पंकज को टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण का मौका दिया जबकि स्टुअर्ट बिन्नी के स्थान पर रोहित शर्मा को टीम में रखा।

इंग्लैंड ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। कुक और सैम रोबसन (26) ने पहले विकेट के लिये 55 रन की साझेदारी की। जडेजा से मिले जीवनदान की बदौलत कुक खराब दौर से बाहर निकलने में सफल रहे। दिन के 12वें ओवर में ही पंकज की गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर तीसरी स्लिप में जडेजा के पास पहुंची लेकिन वह इसे कैच नहीं कर पाये। कुक तब 15 रन पर खेल रहे थे। पहले दो सत्र में केवल शमी को ही सफलता मिली। वह जब दूसरा स्पैल करने के लिये आये तो उन्होंने रोबसन का विकेट लेकर भारत को पहली सफलता दिलायी। आस्ट्रेलिया में जन्में इस बल्लेबाज ने आउटस्विंगर को छेड़ने की सजा भुगती और इस बार जडेजा ने तीसरी स्लिप में कैच लेने में कोई गलती नहीं की।

धोनी ने पहले दिन ही अपने दो कामचलाउ स्पिनरों रोहित और शिखर धवन से भी गेंदबाजी करवायी लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। कुक और बैलेन्स ने दूसरे सत्र में बिना किसी परेशानी के भारतीय गेंदबाजों का सामना किया। भारतीय आक्रमण में तीक्ष्णता का अभाव दिखा। इंग्लैंड के कप्तान ने पारी के 31वें ओवर में 36वां अर्धशतक पूरा करके अपने सिर से बहुत बड़ा बोझ हटाया। पारी के 33वें ओवर में शमी ने कुक के खिलाफ विकेट के पीछे कैच की जोरदार अपील की लेकिन अंपायर ने उसे ठुकरा दिया हालांकि रीप्ले से लग रहा था कि गेंद संभवत: बल्ले का हल्का किनारा लेकर गयी थी।

चाय के विश्राम तक इंग्लैंड ने एक विकेट पर 186 रन बनाये थे तथा कुक और बैलेन्स मजबूती से शतक की तरफ बढ़ रहे थे। कुक ने शमी पर मिडविकेट पर चौका जड़कर अपना स्कोर 90 रन पर पहुंचाया था। वह जिस धैर्य और एकाग्रता से बल्लेबाजी कर रहे थे उससे लगा रहा था कि यहां उनका 26वां टेस्ट शतक बन जाएगा। लेकिन जडेजा ने आखिर में कुक को शतक पूरा नहीं करने दिया। वह पिछली 28 पारियों से शतक नहीं जड़ पाये हैं। बैलेन्स भी शतक के करीब पहुंचने के बाद कुछ धीमे पड़ गये थे लेकिन उन्होंने शमी पर अपनी पारी का 15वां चौका जड़कर 189 गेंद पर अपना तीसरा शतक पूरा किया।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com