-->

Breaking News

जडेजा को दो सफलता, बाकी गेंदबाज हुए फेल

डर्बीशर : भारतीय गेंदबाजों के खराब प्रदर्शन का सिलसिला दूसरे अभ्यास मैच में भी आज जारी रहा जिसमें पहले ही दिन डर्बीशर ने सिर्फ पांच विकेट खोकर 326 रन बना डाले।

बिली गोडलमैन ने 159 गेंद में आठ चौकों की मदद से नाबाद 67 रन बनाये जबकि 17 बरस के हार्वे हुसैन ने 89 गेंद में आठ चौकों की सहायता से 53 रन की नाबाद पारी खेली।

भारत के लिये रविंद्र जडेजा ने 11 ओवर में 27 रन देकर और ईश्वर पांडे ने 34 रन देकर दो दो विकेट लिये। इंग्लैंड में खेलने का अनुभव रखने वाले एकमात्र भारतीय गेंदबाज ईशांत शर्मा फिर महंगे साबित हुए और 12 ओवर में उन्होंने 49 रन दे डाले जबकि उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला। स्पिनर आर अश्विन और तेज गेंदबाज वरूण आरोन भी सफलता को तरसते रहे।

इससे पहले मेजबान टीम ने टास जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। भारत को छठे ओवर में पंकज सिंह ने सफलता दिलाई जब सलामी बल्लेबाज पॉल बोरिंगटन खाता खोले बिना अजिंक्य रहाणे को कैच दे बैठे। बेन स्लेटर और कप्तान चेस्ने ह्यूजेस (23) ने दूसरे विकेट के लिये 70 रन जोड़े।

डर्बीशर के लिये वेस डर्स्टन ने 90 गेंद में 95 रन बनाये जिसमें 14 चौके और दो छक्के शामिल थे। गोडलमैन के साथ उन्होंने पांचवें विकेट के लिये 124 रन जोड़े। वह स्टुअर्ट बिन्नी को रिटर्न कैच देकर आउट हुए।

गोडलमैन ने हुसैन के साथ 87 रन की साझेदारी की। तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को एहतियात के तौर पर बाहर रखा गया था जिनकी मांसपेशियों में खिंचाव है।

इससे पहले जडेजा ने डर्बीशर के बल्लेबाजों को परेशान किया। भारत ने लंच के बाद तीन विकेट चटकाये। उन्होंने कप्तान चेस्ने ह्यूजेस (23) को लंच से ठीक पहले आउट किया । बेन स्लेटर ने अपना अर्धशतक 113 गेंद में पूरा किया। टीम के सौ रन पूरे होने के तुरंत बाद वह अपना विकेट गंवा बैठे। जडेजा की गेंद पर विकेट के पीछे एम एस धोनी ने उनका कैच लपका। तीन रन बाद पांडे ने एलेक्स ह्यूजेस (1) को बोल्ड किया। इसके बाद हालांकि डर्स्टन और गोडलमैन ने पारी को संभाला।

सुबह डर्बीशर ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया था। उसने लंच तक दो विकेट पर 79 रन बनाये थे। लीस्टरशर के खिलाफ पहले मैच की तरह इसे भी प्रथम श्रेणी का दर्जा हासिल नहीं है लिहाजा भारत ने सभी 18 खिलाड़ियों को अगले तीन दिन उतारने का फैसला किया। डर्बीशर को भी 12 खिलाड़ियों में से चुनने का मौका मिलेगा।

ईशांत का खराब फॉर्म यहां भी जारी रहा। उन्होंने पहले चार ओवर में चार नोबाल फेंकी और बल्लेबाजों को परेशान करने में नाकाम रहे।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com