-->

Breaking News

कैलिस ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कहा 'अलविदा'

जोहानसबर्ग। दक्षिण अफ्रीका के करिश्माई ऑलराउंडर जैक्स कैलिस ने अगले साल होने वाले विश्वकप में खेलने का इरादा छोड़ते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी तीनों फार्मेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी।38 वर्षीय कैलिस ने गत वर्ष टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया था। लेकिन 2015 में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होने वाले विश्वकप के मद्देनजर सीमित ओवरों के मैचों में खेलते रहने का फैसला किया था। लेकिन हाल के श्रीलंका दौरे में एकदिवसीय मैचों में खराब फॉर्म के कारण कैलिस ने सीमित ओवरों को भी अलविदा कह दिया।

विश्व क्रिकेट के सबसे बेहतरीन ऑलराउंडरों में शुमार कैलिस आईपीएल में कोलकाता नाइटराइडर्स और बिग बैश लीग में सिडनी थंडर्स के लिए खेलना जारी रखेंगे। कैलिस ने अपने एकदिवसीय करियर का समापन 328 मैचों में 44.36 के औसत से 11579 रन बनाकर किया। उन्होंने कुल 17 शतक और 86 अर्द्धशतक बनाए। कैलिस ने 25 ट्वेंटी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 666 रन भी बनाए।

टेस्ट और वनडे में 10000 से ज्यादा रन बनाने वाले दक्षिण अफ्रीका के एकमात्र बल्लेबाज कैलिस ने गत वर्ष डरबन में भारत के खिलाफ अपना अंतिम टेस्ट खेला था। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 166 मैचों में 45 शतकों, 58 अर्द्धशतकों और 55.37 के औसत से 13289 रन बनाए थे। उनका अंतिम ट्वेंटी-20 मैच अक्टूबर 2012 में था।

अगले वर्ष विश्वकप में खेलने के इच्छुक कैलिस हाल में श्रीलंका दौरे में तीन मैचों में शून्य, एक और चार रन ही बना पाए थे। उन्होंने एक बयान जारी कर कहा कि मैंने श्रीलंका में महसूस किया कि विश्वकप में खेलना मेरे लिए दूर का सपना है। मैं अपने करियर के दौरान सहयोग करने के लिए क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका, अपनी टीम और टीम प्रायोजकों, अपने प्रायोजकों, प्रशंसकों और मेरे करियर से जुड़े सभी लोगों का धन्यवाद करना चाहता हूं।कैलिस ने साथ ही कहा कि मैंने क्रिकेट से पूरी तरह संन्यास नहीं लिया है। मेरा सिडनी थंडर्स के साथ दो साल का अनुबंध है और अगर संभव रहा तो मैं अगले वर्ष कोलकाता नाइटराइडर्स को आईपीएल खिताब बचाने में मदद करूंगा।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com