-->

Breaking News

भारतीय नर्सें इराक से लौटीं घर

कोच्चि/नई दिल्ली :  इराकी चरपमंथी संगठन ISIS द्वारा बंदी बनाई गई 46 भारतीय नर्सें आज एयर इंडिया के एक विशेष विमान से घर लौट आईं। देश लौटने पर नर्सें और इनके परिवार आपस में मिलकर बेहद खुश हुए। इस तरह एक माह के कटु अनुभव का अंत हो गया है।

हवाईअड्डे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि एक विशेष विमान अपने साथ 137 अन्य लोगों को भी लाया है। यह विमान कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सुबह 11 बजकर 57 मिनट पर उतरा।

बंधक बनाई गई नर्सों को मुक्त कराने के लिए केंद्र सरकार के साथ मिलकर समन्वित प्रयास करने वाले केरल के मुख्यमंत्री ओमन चांडी हवाईअड्डे पर इन लोगों को लेने पहुंचे। इन नर्सों में केरल की नर्सों के अलावा दो नर्सें तमिलनाडु के तूतीकोरिन की भी हैं।

हवाईअड्डे पर नर्सों के परिवारों के सदस्य अपने प्रियजनों को लौटते देखने के लिए बड़ी संख्या में मौजूद थे। इसके अलावा भाजपा और कांग्रेस के नेता भी वहां मौजूद थे। नर्सों के परिजनों के चेहरों पर राहत साफ देखी जा सकती थी। सद्दाम हुसैन के गृहनगर तिकरित स्थित अस्पताल में काम करने वाली नर्सों की परेशानियां उस समय से शुरू हो गई थीं, जब आईएसआईएस के आतंकियों ने 9 जून को हमले शुरू कर दिए थे।

नर्सों की सुरक्षित रिहाई के लिए भारतीय अधिकारी इराक में अपने समकक्षों के लगातार संपर्क में बने रहे। इन नर्सों को गुरूवार को उनकी इच्छा के विपरीत वहां से आतंकियों के कब्जे वाले मोसुल शहर ले जाया गया।

विदेश मंत्रालय द्वारा किए गए प्रयासों की मदद से बंधक बनाकर रखी गई नर्सें मुक्त हो गईं और उन्हें कल बसों में बैठाकर एबरिल अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे भेज दिया गया।

आज तड़के एबरिल से चला विशेष विमान आज मुंबई पहुंच गया। मुंबई में विमान में ईंधन भरने और खानपान संबंधी वस्तुएं जुटाने के लिए थोड़े समय के लिए रूका।

नर्सों के अलावा इस विमान में 137 अन्य भारतीय नागरिक भी थे। इनमें उत्तरी इराक के किरकुक से 70, चालक दल के 23 सदस्य और तीन सरकारी अधिकारी भी शामिल थे। सरकारी अधिकारियों में एक संयुक्त सचिव स्तर के विदेश सेवा अधिकारी और एक केरल की आईएएस महिला अधिकारी भी थी।

चांडी ने युद्धग्रस्त इराक से नर्सों की वापसी सुनिश्चित कराने के लिए केंद्र, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, इराक में भारतीय दूतावास और विदेश मंत्रालय का धन्यवाद किया।

चांडी ने संवाददाताओं को बताया, केंद्र ने केरल की गहरी चिंताओं को पूरी तरह समझते हुए काम किया है। नर्सों की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास ने गंभीर प्रयास किए हैं। केरल सरकार ने नर्सों को राज्य में उनके घरों तक पहुंचाने के लिए इंतजाम किए हैं।

*  इराक में सुन्नी आतंकी संगठन ISIS द्वारा मुक्त की गईं 46  भारतीय नर्सों और 137 अन्य लोगों को लेकर एयर इंडिया का विशेष विमान आज सुबह 8.43 बजे मुंबई पहुंचीं। सूत्रों ने बताया कि ISIS ने बिना शर्त भारतीयों को छोड़ा।

* विमान कोच्चि से हैदराबाद पहुंचेगा, उसके बाद हैदराबाद से दिल्ली।

* केरल के मुख्यमंत्री ओमन चांडी ने युद्ध प्रभावित इराक से नर्सों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने और संकट का हल निकलने के  इंतजार में राज्य की चिंता को खत्म करने के लिए नरेंद्र मोदी सरकार का धन्यवाद व्यक्त किया। राहत महसूस कर रहे चांडी ने इस मुद्दे के समाधान के लिए केंद्र और खास तौर पर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के प्रति आभार व्यक्त किया।

*  केरल के मुख्यमंत्री ओमन चांडी और परिजनों ने हवाईअड्डे पर नर्सों अगवानी की।

* इराक से मुक्त कराई गईं 46 भारतीय नर्सों सहित 183 भारतीयों को लेकर एयर इंडिया की विशेष उड़ान पूर्वाह्न 11 बजकर 57 मिनट पर कोच्चि पहुंची।

* एयरपोर्ट पर नर्सों के परिवारवाले भी मौजूद।

* इराक में आतंकी संगठन ISIS के कब्जे से छुड़ाई गईं 46 भारतीय नर्सें कोच्चि एयरपोर्ट पहुंची। एयरपोर्ट पर सीएम ओमन चांडी मौजूद हैं।

* नर्सों के सुरक्षित वापसी से खुशी- ओमन चांडी

* केरल के मुख्यमंत्री ओमन चांडी कोच्चि एयरपोर्ट पहुंचे।

* छुड़ाई गईं 46 नर्सें कोच्चि लाया जा रहा है।

* यह विमान मुंबई में तकनीकी पड़ाव के तौर पर उतरा जहां विमान में ईंधन भरा और खानपान के बाद कोच्चि के लिए रवाना हुआ। दिन में 11 बजकर 55 मिनट पर कोचिच पहुंचेगा।

* एयर इंडिया अधिकारियों के अनुसार कोच्चि से यह विमान दिन में 12:55 बजे हैदराबाद के लिए रवाना होगा और अपराह्न 2:25 पर वहां पहुंचेगा। इस विमान का आखिरी गंतव्य दिल्ली होगा जहां वह शाम 5:40 पर उतरेगा।

कोच्चि में एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि विमान में 183 लोग सवार हैं जिनमें चालक दल के 23 सदस्य और तीन सरकारी अधिकारी शामिल हैं। इन अधिकारियों में संयुक्त सचिव स्तर का एक आईएफएस अधिकारी और केरल की एक महिला आईएएस अधिकारी भी शामिल हैं। प्रवक्ता ने बताया कि एरबिल से एयर इंडिया द्वारा उपलब्ध कराई गई सूचना के अनुसार 46 नर्सें कोच्चि में उतरेंगी और करीब 100 अन्य यात्री हैदराबाद जाएंगे।

सद्दाम हुसैन के गृहनगर तिकरित स्थित एक अस्पताल में काम कर रहीं नर्सों के कटु अनुभव की शुरुआत तब हुई जब 9 जून को इस्लामिक स्टेट फॉर इराक एंड सीरिया (ISIS) ने हमलों की शुरुआत की।

नर्सों को गत बृहस्पतिवार को उनकी इच्छा के विपरीत तिकरित से 250 किलोमीटर दूर आतंकवादियों के कब्जे वाले मोसुल शहर ले जाया गया और वहां उन्हें कैद कर दिया गया। एरबिल अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा मोसुल से करीब 80 किलोमीटर दूर है।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com