-->

Breaking News

इंग्लैंड टीम के तीन क्षेत्रों में सुधार चाहते हैं बायकाट

लंदन : इंग्लैंड के किसी भी व्यक्ति की तरह ज्योफ्री बायकाट भी भारत के खिलाफ वर्तमान श्रृंखला में अपनी टीम की शानदार वापसी से खुश हैं लेकिन उनका मानना है कि मेजबान टीम को 15 अगस्त से ओवल में शुरू होने वाले पांचवें और आखिरी टेस्ट मैच से पहले तीन क्षेत्रों में सुधार करने की जरूरत है।

बायकाट ने ओल्ड ट्रैफर्ड में चौथे टेस्ट मैच में इंग्लैंड के शानदार प्रदर्शन की जमकर तारीफ की जिसे मेजबान टीम ने पारी और 54 रन से जीतकर श्रृंखला में 2-1 से बढ़त बनायी। उन्होंने हालांकि टीम को सतर्क भी किया और कहा कि अब भी वैकल्पिक सीम गेंदबाजी, सलामी बल्लेबाज सैम रोबसन की फार्म और शार्ट पिच गेंदों को खेलने की इंग्लिश बल्लेबाजों की क्षमता तीन ऐसे क्षेत्र हैं जिसमें एलिस्टेयर कुक की टीम को सुधार करने की जरूरत है।

बायकाट ने ‘द डेली टेलीग्राफ’ में अपने कालम में लिखा है, ‘लार्डस टेस्ट में हार के बाद इंग्लैंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करके जबर्दस्त वापसी की। हम हालांकि टीम की सफलता का लुत्फ उठाना चाहते हैं लेकिन हमें सतर्क भी रहना चाहिए क्योंकि अभी तीन ऐसे क्षेत्र हैं जिनमें टीम को सुधार की जरूरत है।’ उन्होंने कहा, ‘इंग्लैंड को अपने वैकल्पिक सीम गेंदबाजों की क्षमता पर गौर करना चाहिए। उसके सलामी बल्लेबाज सैम रोबसन की कमजोरियों और हमारे सभी बल्लेबाजों को शार्ट पिच गेंदों के खिलाफ कमजोरियों पर काम करना चाहिए।’

उन्होंने कहा, ‘जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्राड अभी मैच विजेता है लेकिन यदि वे दोनों चोटिल हो जाते हैं या किसी कारण से एक साथ टीम से हट जाते हैं तो फिर इंग्लैंड की तेज गेंदबाज खतरनाक नजर नहीं आती।’ बायकाट ने कहा, ‘इंग्लैंड के वैकल्पिक तेज गेंदबाजों क्रिस वोक्स और क्रिस जोर्डन ने ओल्ड ट्रैफर्ड में गेंदबाजी लेकिन उनकी क्वालिटी, आक्रामकता और नियंत्रण में बहुत अंतर था। इससे विरोधी टीम के बल्लेबाजों पर दबाव कम हो गया था।’

रोबसन के बारे में उन्होंने कहा, ‘आफ स्टंप के बाहर की कौन सी गेंद छोड़नी है और कौन सी खेलनी है इसको लेकर उनका फैसला संदिग्ध है। वह या तो स्लिप में कैच दे रहे हैं या फिर उस गेंद पर आउट हो रहे हैं जिसे उन्होंने छोड़ दिया हो।’ बायकाट ने कहा, ‘मेरी आखिरी बात यह है कि ब्राड का हुक करना और फिर उसकी नाक पर चोट लगने से पूरी टीम की शार्ट पिच गेंदों के खिलाफ कमजोरी उजागर होती है। यहां तक कि चोट लगने से पहले उसने पिछली दो गेंद पर छक्के लगाये थे लेकिन उनमें से कोई नियंत्रित शाट नहीं था। हमारे कई खिलाड़ियों की यह समस्या है लेकिन वे इसे स्वीकार नहीं करेंगे।’

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com