-->

Breaking News

भारत ने रचा इतिहास, इंग्लैंड में जीती वनडे सीरीज स्कोर

बर्मिघम। भारत ने इंग्लैंड में इतिहास रचते हुए वनडे सीरीज पर कब्जा जमा लिया है। बर्मिंघम में हुए चौथे वनडे में भारत ने इंग्लैंड को 9 विकेट से रौंद दिया। भारत ने अंजिक्य रहाणे के जबरदस्त शतक की मदद से जीत हासिल कर सीरीज पर 3-0 से कब्जा जमा लिया। पांचवां वनडे औपचारिकता भर होगा।

रहाणे-शिखर धवन की साझेदारी ने इंग्लैंड को शुरुआत से ही मुकाबले से पूरी तरह बाहर कर दिया। रहाणे ने 106 रनों की तेज पारी खेली। शिखऱ धवन और अंजिक्य रहाणे ने 182 रनों की पार्टनरशिप की। शुरुआत से ही आक्रामक नजर आ रहे रहाणे ने अपने करियर का पहला शतक जमाया। धवन ने भी उनका बखूबी साथ दिया और हाफ सेंचुरी लगाई। धवन 97 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे।

इससे पहले भारत की बेहद कसी हुई गेंदबाजी के आगे बेबस इंग्लैंड टीम एजबेस्टन में आज चल रहे चौथे एकदिवसीय मैच में निर्धारित 50 ओवर नहीं खेल सकी और 46.3 ओवरों में 206 रन बनाकर धराशायी हो गई। बेन स्टोक्स की जगह गेंदबाजी परिवर्तन के रूप में लाए गए मोइन अली (67) ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड के स्कोर को 200 के सम्मानजनक आंकड़े से ऊपर पहुंचाया।

भुवनेश्वर कुमार ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनने के अपने कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के निर्णय को सही ठहराते हुए बेहद कसी हुई गेंदबाजी के साथ शुरुआत की। भुवनेश्वर ने लगातार दो मेडेन ओवर फेंकने के बाद अपने तीसरे ओवर में एलिस्टर कुक (9) और एलेक्स हेल्स (6) के विकेट चटकाकर इंग्लैंड को करारा झटका दिया।

भुवनेश्वर के इस दोहरे झटके से अभी इंग्लैंड उबर भी नहीं पाया था कि मोहम्मद समी ने आठवें ओवर की आखिरी गेंद पर गैरी बैलेंस (7) को भी पवेलियन की राह दिखा दी। मात्र 23 रन के कुल योग पर तीन विकेट गंवा चुकी इंग्लैंड को इसके बाद जोए रूट (44) और इयान मोर्गन (32) ने 80 रनों की साझेदारी कर संभालने की भरपूर कोशिश की हालांकि शुरुआती झटकों के कारण इंग्लैंड इस दौरान बैकफुट पर ही रहा।

रविंद्र जडेजा ने सुरेश रैना के हाथों मोर्गन को लपकवा कर इस साझेदारी को तोड़ा। मोर्गन के जाने के बाद रूट भी ज्यादा देर नहीं टिक सके और रैना की गेंद पर पदार्पण मैच खेल रहे धवल कुलकर्णी के हाथों कैच आउट हुए। रूट ने इस बीच संयमभरी पारी खेलते हुए 81 गेंदों में दो चौके लगाए। 32.5 ओवरों में 114 रन पर पांच मुख्य बल्लेबाज गंवा चुकी इंग्लैंड की हालत काफी पतली नजर आने लगी थी। लेकिन मोइन अली एक छोर से शानदार बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड को 200 के पार पहुंचाया। इस बीच जोस बटलर (11) और क्रिस वोक्स (10) पवेलियन लौट चुके थे।

मोइन की 50 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के की मदद से खेली गई अर्धशतकीय पारी को रविचंद्रन अश्विन ने विराम दिया। अश्विन की गेंद पर मोइन क्लीन बोल्ड होकर पवेलियन लौटे तो इंग्लैंड का स्कोर 46.5 ओवरों में 201 रन था। भुवनेश्वर भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने आठ ओवरों में 1.75 की इकॉनमी से मात्र 14 रन देकर दो विकेट चटकाए। हालांकि समी को सर्वाधिक तीन विकेट मिले। जडेजा भी दो विकेट चटकाने में कामयाब रहे, जबकि अश्विन और रैना को एक-एक विकेट मिला।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com