-->

Breaking News

चोट के कारण एशियाई खेलों से हटीं ज्वाला गुट्टा

नई दिल्ली। देश की टॉप युगल विशेषज्ञ बैडमिंटन खिलाड़ी ज्वाला गुट्टा दक्षिण कोरिया के इंचियोन में 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक चलने वाले 17वें एशियाई खेलों से हट गई हैं। ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में अश्विनी पोनप्पा के साथ महिला युगल में रजत पदक जीतने वाली ज्वाला के दाएं पैर के घुटने में चोट है और पिछले कुछ समय से उन्हें दर्द की काफी शिकायत है। इसी कारण से उन्होंने खेलों से हटने का निर्णय लिया है। ज्वाला के हटने से भारत की पदक उम्मीदों को तगड़ा झटका लगा है

ज्वाला ने बताया कि घुटने की चोट के कारण उन्हें डॉक्टर ने अगले दो हफ्ते तक आराम करने की सलाह दी है। इस कारण से वह एशियाई खेलों में हिस्सा नहीं ले पाएंगी। ज्वाला ने कहा कि मुझे घुटने में हल्का दर्द था और मैंने एशियाई खेलों की तैयारी शुरू कर दी। मेरे कोच ने भी कहा कि अगर दर्द सहन किया जा सकता है तो तैयारी जारी रखी जा सकती है लेकिन फिर दर्द काफी बढ़ गया।

युगल खिलाड़ी ने कहा कि मैंने अपनी चोट को लेकर दो डॉक्टरों से सलाह मशविरा किया है और उन्होंने मुझे अगले 10 से 12 दिनों तक आराम करने की सलाह दी है। मेरे पास एशियाई खेलों से हटने के अलावा और कोई विकल्प नहीं बचा है। मेरे करियर में यह पहली बार है जब मुझे चोट के कारण किसी टूर्नामेंट से हटना पड़ा है। इंचियोन में बैडमिंटन की युगल स्पर्धा में ज्वाला से पदक की काफी उम्मीदें थी।

लेकिन युगल विशेषज्ञ खिलाड़ी के हटने से भारत की पदक उम्मीद को गहरा झटका लगा है। उन्होंने कहा कि मेरे पैर में सूजन थी जो अब कुछ कम हो गई है। लेकिन मैं घुटने पर अधिक भार नहीं डाल सकती हूं। इसके अलावा मेरी उम्र भी अधिक है और अगला साल मेरे लिए काफी अहम है। ऐसे में मैं खेलकर अपनी चोट को बढ़ा नहीं सकती हूं। मुझे उम्मीद है कि यूरोपीय चैंपियनशिप के लिए वापसी कर पाऊंगी।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com