-->

Breaking News

मनमोहन सिंह जापान के शीर्ष राष्ट्रीय अवॉर्ड से सम्मानित

टोक्यो : पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को आज जापान के शीर्ष राष्ट्रीय पुरस्कारों में से एक ‘द ग्रैंड कॉर्डन ऑफ दि ऑर्डर ऑफ पाउलोवनिया फ्लॉवर्स’ से सम्मानित किया गया। भारत-जापान संबंधों को बेहतर बनाने में मनमोहन सिंह के अहम योगदान के लिए उन्हें इस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। वह इस प्रतिष्ठित सम्मान को पाने वाले पहले भारतीय हैं।

जापान के सम्राट अकीहितो ने लगभग 35 साल तक भारत और जापान के बीच ‘संबंधों को व्यापक बनाने और दोस्ती को बढ़ावा देने में अहम योगदान’ के लिए 82 साल के मनमोहन सिंह को ‘द ग्रैंड कॉर्डन ऑफ दि ऑर्डर ऑफ पाउलोवनिया फ्लॉवर्स’ भेंट किया।

‘क्योदो’ समाचार एजेंसी की खबर के मुताबिक, सम्मानित करने के लिए आयोजित समारोह के बाद सम्राट अकीहितो और सम्राज्ञी मिचिको ने इंपीरियल पैलेस में मनमोहन सिंह और उनकी पत्नी गुरशरण कौर के लिए भोज की मेजबानी की। प्रतिष्ठित अवॉर्ड की घोषणा करते हुए जापान की सरकार ने कहा था, ‘मनमोहन सिंह इस सम्मान को पाने वाले पहले भारतीय हैं।’ मनमोहन साल 2014 के ‘ऑटम इंपीरियल डेकोरेशंस’ के लिए नामित 57 विदेशी हस्तियों में शामिल हैं।

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने पहले कहा था कि जापान के लोगों और सरकार द्वारा उनके प्रति दिखाए गए प्रेम एवं स्नेह से वह वाकई सम्मानित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत-जापान संबंधों को बेहतर एवं समृद्ध होते देखना उनका सपना रहा है और ‘यह एक ऐसा उद्देश्य है जिसकी दिशा में मैंने न केवल भारत के प्रधानमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल में बल्कि लोक सेवा के अपने करियर के ज्यादातर हिस्से में काम किया है।’ साल 2004 से लेकर अगले करीब 10 साल तक प्रधानमंत्री के तौर पर अपनी सेवाएं देने वाले मनमोहन ने कहा कि भारत-जापान संबंधों को टिकाऊ साझेदारी में बदलते देख वह भाव-विभोर हैं।

इस हफ्ते एक बयान में मनमोहन सिंह ने कहा था, ‘एक उभरते एशिया को लेकर भारत और जापान की दृष्टि एक जैसी है। लिहाजा, पिछले दशक में दोनों देशों ने एक जैसे मूल्यों एवं हितों पर आधारित नए संबंधों को कायम किया है।’ पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा, ‘मुझे कोई शक नहीं है कि जापान और भारत के लोगों की साझा कोशिशों एवं पहलों से हम भविष्य में द्विपक्षीय संबंधों की नई ऊंचाइयों को छुएंगे।’  पिछले साल जापान के सम्राट एवं साम्राज्ञी जब भारत की यात्रा पर आए थे तो तत्कालीन प्रधानमंत्री के तौर पर मनमोहन सिंह ने प्रोटोकल से हटते हुए उनका स्वागत किया था।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com