-->

Breaking News

भारतीय जनता पार्टी शासित राज्यों में कोई भूखा नहीं सोयेगा : शिवराज सिंह चौहान

भोपाल : मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी शासित राज्यों में कोई भूखा नहीं सोयेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 तक मध्यप्रदेश के सभी आवासहीनों को आवास उपलब्ध करवाये जायेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज केरल के कोझीकोड में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय परिषद के दूसरे दिन आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय, जिनका जन्म-शताब्दी वर्ष हम मना रहे हैं, हमारे आराध्य हैं। पं. उपाध्याय ने देश को एकात्म मानववाद का अनूठा दर्शन दिया। उन्होंने कहा कि पं. उपाध्याय का कहना था कि मानव जीवन का अंतिम लक्ष्य परमात्मा से साक्षात्कार है। यह परमात्मा हमें कहाँ मिलेगा, इस पर उनका कहना था कि परमात्मा हिमालय की कंदराओं में तपस्या और मंदिरों में पूजा-अर्चना करने से नहीं मिलेगा। परमात्मा से असली साक्षात्कार दीनों की सेवा, दुखियों की सेवा और गरीबों के आँसू पोंछने से मिलेगा। जब हम गरीब की आँखों से आँसू पोंछेंगे, तो उन आँखों में हमें परमात्मा मिलेगा। इसलिये अगर दीनों की सेवा कर ली तो परमात्मा की सेवा कर ली।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय के मार्ग पर चलते हुए माननीय श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार काम कर रही है। मध्यप्रदेश सहित भाजपा शासित राज्यों की सरकारें भी पं. उपाध्याय के मार्ग पर ही चल रही हैं। भाजपा शासित राज्यों की सरकारों का लक्ष्य है कि सभी को, खासतौर से गरीबों को रोटी-कपड़ा-मकान, दवाई और रोजगार उपलब्ध करवाना है।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार ने तय किया है कि राज्य की धरती पर कोई भूखा नहीं सोयेगा। इस संकल्प की पूर्ति के लिये प्रदेश में एक रुपये किलो गेहूँ और नमक गरीबों को उपलब्ध करवाया जा रहा है। हमनें तय किया है कि एक दिन की मजदूरी में गरीबों को एक माह का राशन मिल जाये। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि गरीबों को रोटी के साथ छत भी उपलब्ध हो। इसके लिये हमने तय किया है कि सन 2022 तक सबको मकान की सुविधा सुलभ करवायेंगे। मध्यप्रदेश की धरती पर पैदा हर बेघर को जमीन का एक टुकड़ा देंगे। न केवल जमीन देंगे, बल्कि उस पर मकान बनाने के लिये समुचित आर्थिक सहायता भी देंगे। इस तरह कोई भी मध्यप्रदेश में बिना मकान के नहीं रहेगा।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि रोटी और मकान के साथ ही गरीबों को नि:शुल्क दवाई वितरण, बच्चों की पढ़ाई-लिखाई की नि:शुल्क व्यवस्था भी मध्यप्रदेश में सरकार ने की है। उन्होंने बताया कि समाज के वंचित तबकों और गरीबों जैसे- हम्माल, तुलावटी, खेतिहर मजदूर, घरेलू कामकाजी महिलाएँ, हाथ-ठेला और रिक्शा-चालक, निर्माण श्रमिक, असंगठित श्रमिक आदि के लिये जन्म से लेकर मृत्यु तक में सहायता देने की कल्याणकारी योजनाएँ मध्यप्रदेश सरकार ने लागू की हैं। इन योजनाओं में महिलाओं को बगैर काम पर गये प्रसूति सहायता के साथ डेढ़ माह की मजदूरी का भुगतान, उनके बच्चों की नि:शुल्क शिक्षा, परिवार का नि:शुल्क इलाज, बेटियों की शादी और मृत्यु होने की स्थिति में अंत्येष्टि सहायता देने के प्रावधान किये गये हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि यह अकेले मध्यप्रदेश में ही नहीं हो रहा है, भारतीय जनता पार्टी शासित सभी राज्यों की सरकारें इसी दिशा में गरीबों के कल्याण और भलाई के कामों को पं. दीनदयाल उपाध्याय की मंशानुरूप अंजाम दे रही हैं। अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सबके सुखी होने, सबके निरोगी होने, सबका मंगल होने और सबका कल्याण होने की कामना की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने केरलवासियों का अभिवादन कर संबोधन समाप्त किया।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com