-->

Breaking News

देश मना रहा है 68वां गणतंत्र दिवस, राजपथ पर दिखी देश की सैन्य शक्ति और विविधता की झलक

नई दिल्ली: 68वें गणतंत्र दिवस के मौके पर राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने राजपथ पर तिरंगा फहराया और देश की ताकत का प्रदर्शन शुरू हुआ. सेना के हवलदार हंगपन दादा को मरणोपरांत अशोक चक्र से सम्मानित किया गया. राष्ट्रपति ने दादा की पत्नी को यह सम्मान दिया. इस बार परेड में सेना और अर्धसैनिक बलों के 15 मार्चिंग दस्तों ने अपने शौर्य और शक्ति का प्रर्दशन किया. इनके सैनिकों का कदमताल और जोश शानदार था.

आज की परेश की शुरुआत विंग कमांडर रमेश कुमार दूबे के नेतृत्व में हुई. चार एमआई-17 हेलीकॉप्टरों ने आकाश से पुष्प वर्षा की. इनमें से एक हेलीकॉप्टर तिरंगा लेकर उड़ा, जबकि तीन अन्य हेलीकॉप्टरों पर सेना, नौसेना और वायु सेना की पताका फहराया गया.

पहली बार परेड में संयुक्त अरब अमीरात के 144 जवानों का दस्ता भी सेना के जवानों के साथ परेड करता दिखाई दिया.  ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि इस साल गणतंत्र दिवस में मुख्य अतिथि अबु धाबी के शहजादे मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान हैं. इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने अमर जवान ज्योति पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी. उनके साथ तीनों सेनाओं के प्रमुख भी मौजूद थे.

परेड से पहले परेड कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मनोज नरवाने और उनके नायब मेजर जनरल राजेश सहाय ने सशस्त्र बलों के सर्वोच्च कमांडर--भारत के राष्ट्रपति के प्रति सम्मान प्रकट किया. परमवीर चक्र और अशोक चक्र से सम्मानित सैनिकों ने भी परेड कमांडर का अनुसरण किया. परेड का सबसे बड़ा आकर्षण भारत के एकमात्र कैवेलरी का अपने प्रतापी घोड़ों के साथ मार्च रहा.

सेना अपने टैंक टी-90 और इन्फैन्ट्री कॉम्बैट व्हीकल और ब्रह्मोस मिसाइल, हथियार का स्थान बताने वाले रडार स्वाति, ढुलाई करने लायक उपग्रह टर्मिनल और आकाश हथियार प्रणाली को भी दर्शाया. एक और आकर्षण धनुष तोप प्रणाली रहा. इसके बाद एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर रूद्र सलामी उड़ान भरी. परेड में पहली बार देश में ही बनी तोप धनुष भी दिखाई दी.

रक्षा अनुसंधान विकास संगठन (डीआरडीओ) अपना एडवांस्ड टॉड आर्टिफिसियल गन सिस्टम (एटीएजीएस) और मध्यम क्षमता वाले रडार अरूद्र को प्रदर्शित किया. अर्धसैनिक बल की टुकड़ी का नेतृत्व बीएसएफ का ऊंट बैंड ने किया. इसके बाद भारतीय तटरक्षक बल, सीआईएसएफ, दिल्ली पुलिस, एनएसजी और एनसीसी की टुकड़ियों ने मार्च किया.

करीब 100 एनएसजी कमांडो का दस्ता भी पहली बार इस परेड में शामिल हुआ. एनएसजी कमांडो के दस्ते को देख कर देश आश्वस्त हो गया कि आतंकियों को करारा जवाब देने के लिए हमारे कमांडो पूरी तरह से मुस्तैद हैं.

देश में कहीं भी आतंकियों पर कार्रवाई के लिए एनएसजी कमांडो को ही तैनात किया जाता है. पठानकोट आतंकी हमले से निपटने में इन कमांडो ने ख़ास भूमिका निभाई थी. पाकिस्तान से सटी सीमा पर सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम देने वाले सेना के वीर कमांडो को शौर्य और वीर चक्र देने की सरकार ने भले ही घोषणा की हो लेकिन उनका दस्ता परेड में नहीं दिखाई दिया.

हालांकि पिछली बार पैरा कमांडो का दस्ता राजपथ पर कदमताल करते नजर आया और यह कितना आकर्षक था इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लोग इस बार भी इनकी प्रतीक्षा कर थे और उनकी याद में अब भी वह दृश्य था.  देश में ही बना हल्का लड़ाकू विमान तेजस भी पहली बार दूसरे लड़ाकू विमानों के साथ आसमान में करतब दिखाता हुआ नज़र आएगा.

इतना ही नहीं टी-90 टैंक, आकाश और ब्रह्मोस मिसाइल भी राजपथ पर नज़र आई. अर्धसैनिक बलों के मार्चिंग दस्ते में बीएएसएफ का ऊंट सवार दस्ता और बैंड भी अपने पुराने अंदाज में दिखा. 25 राष्ट्रीय बहादुरी पुरस्कार पाए बच्चे भी गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा बने.

गणतंत्र दिवस परेड में मेकैनाइज्ड इन्फैन्ट्री रेजीमेंट, बिहार रेजीमेंट, गोरखा ट्रेनिंग सेंटर और पंजाब रेजीमेंटल सेंटर, सिख रेजीमेंटल सेंटर, मद्रास इंजीनियरिंग ग्रुप, इन्फैन्ट्री, बटालियन (क्षेत्रीय सेना) सिख लाइट इन्फैन्ट्री का संयुक्त बैंड भी दिखा. इसके बाद नौसेना की मार्चिंग टुकड़ी और नौसेना की भी एक झांकी दिखी. वायु सेना के मार्चिंग टुकड़ी के बाद वायु सेना की भी एक झांकी दिखाई गई, जिसमें भारतीय वायुसेना के सैन्य कौशल को प्रदर्शित किया गया.

इसके साथ ही सेना की मोटरसाइकिल टीम ऐसे अदभुत करतब दिखाएंगी कि लोग दातों तले उंगुलियां दबा लें. परेड के बड़े आकर्षण में से एक एमआई-35 हेलिकॉप्टरों, स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान तेजस, जगुआर और सुखोई की सलामी उड़ान होगी. हालांकि, ये दोनों कार्यक्रम परेड के आखिरी चरण में होंगे. ये वो नजारा होता होता है जिसका इंतजार परेड को देखने वाले दर्शक बेसब्री से कर रहे होते है. राजपथ पर 17 राज्यों और 6 मंत्रालयों की झांकियां भी प्रदर्शित की गईं.

ओड़िशा, अरुणाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, मणिपुर, गुजरात, लक्षद्वीप, कर्नाटक, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, पंजाब, तमिलनाडु, त्रिपुरा, जम्मू कश्मीर, असम समेत अन्य राज्य अपनी-अपनी झांकियों के माध्यम से अपनी परंपरा और संस्कृति की झलक पेश की.

वित्त मंत्रालय के तहत केंद्रीय उत्पाद शुल्क एवं सीमा शुल्क बोर्ड विभाग के साथ कौशल विकास मंत्रालय की भी झांकी गणतंत्र दिवस परेड में देखने को मिलेगी.















रिपब्लिक डे LIVE अपडेट्स...
- 11:33 AM:रिपब्लिक डे परेड का समापन।
- 11:30 AM:3 सुखोई-MKI ने आसमान में त्रिशूल फॉर्मेशन बनाई। सुखोई ने 900 किमी/घंटे की रफ्तार से आसमान में वर्टिकल चार्ली फॉर्मेशन बनाई।
- 11:29 AM:5 जगुआर प्लेन्स ने आसमान में उड़ान भरी। इसके बाद 5 मिग-29 एयरक्राफ्ट ने फ्लाईपास्ट किया।
- 11:27 AM:पहली बार देश में बने तेजस फाइटर ने 780 किमी/घंटे की रफ्तार से फ्लाईपास्ट किया। इसमें 3 फाइटर्स ने 300 मीटर की हाइट पर उड़ान भरी।
- 11:26 AM:सुखोई-30 और सी-17 ग्लोबमास्टर ने 500 किमी/घंटे की रफ्तार से उड़ान भरी।
- 11:24 AM:3 सी-130जे सुपर हरक्यूलिस प्लेन्स ने फ्लाईपास्ट किया। आसमान में आई माने जाने वाले प्लेन ने भी उड़ान भरी।
- 11:21 AM:एयरफोर्स की टुकड़ी ने फ्लाई पास्ट किया। 3 MI-35 हैलिकॉप्टर ने चक्र फॉर्मेशन बनाई।
- 11:18 AM:मिलिट्री पुलिस के श्वेत अश्व दस्ते ने हैरतअंगेज करतब दिखाए। इनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज है। क्रिसमस ट्री, पिरामिड, सुदर्शन चक्र और हैलिकॉप्टर जैसे कई फॉर्मेशन बनाए।
- 11:15 AM:सेंट्रल स्कूल, पीतमपुरा (दिल्ली) 162 स्टूडेंट्स ने तिरंगे और वीरों की दास्तां को डांस रूप में पेश किया।
- 11:12 AM:दिल्ली के माउंट आबू स्कूल के 147 बच्चों ने असम शैली का डांस पेश किया।
- 11:10 AM:दिल्ली की 150 स्टूडेंट्स की डांस प्रस्तुति। इसमें भारत को विश्व की सबसे बड़ी शक्ति बनने को दिखाया गया।
- 11:08 AM:दक्षिण-मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, नागपुर ने सूर्य देव विनती वाला डांस पेश किया। बोल थे- 'सूरजवा तोर बिना जागे अंधियारा।'
- 11:05 AM:वीरता पुरस्कार पाने वाले 25 बहादुर बच्चे परेड में शामिल हुए। 4 बच्चों को मरणोपरांत वीरता पुरस्कार दिया गया।
- 11:04 AM:कौशल विकास और उद्यमिता विकास मंत्रालय की झांकी में 21वीं सदी के भारत की पेश की गई।
- 11:03 AM: CPWD की झांकी में हरित भारत-स्वच्छ भारत की थीम को दिखाया गया।
- 11:01 AM:CSIR की झांकी में विज्ञान के क्षेत्र में वैश्विक उपलब्धियों को दिखाया गया।
- 11:01 AM:शहरी विकास मंत्रालय की झांकी में आवास योजना को दिखाया गया।
- 11:00 AM:सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग मंत्रालय की झांकी में खादी को जीवनशैली के रूप में दिखाया गया।
- 10:59 AM:केंद्रीय शुल्क और उत्पाद बोर्ड की झांकी में जीएसटी को दिखाया गया।
- 10:58 AM:असम की झांकी में प्रसिद्ध शक्तिपीठ कामाख्या मंदिर को दिखाया गया।
- 10:57 AM:जम्मू-कश्मीर की झांकी में गुलमर्ग के शीतकालीन खेलों को दिखाया गया।
- 10:56 AM:त्रिपुरा की झांकी में रियांग समुदाय के होजगिरी डांस को दिखाया गया।
- 10:55 AM:गोवा की झांकी में भी पारंपरिक संगीत को दिखाया गया।
- 10:54 AM:तमिलनाडु की झांकी में मंदिर में होने वाले उत्सव को दिखाया गया।
- 10:52 AM:पंजाब की झांकी में पारंपरिक डांस 'जागो आइयां' को दिखाया गया।
- 10:51 AM:पश्चिम बंगाल की झांकी में दुर्गा पूजा को दिखाया गया।
- 10:50 AM:हरियाणा की झांकी में बेटी पढ़ाओ-बेटी बढ़ाओ का संदेश दिया गया।
- 10:49 AM: हिमाचल प्रदेश की झांकी में चंबा रूमाल की कसीदेकारी को दिखाया गया।
- 10:48 AM:दिल्ली की झांकी में सरकारी स्कूलों को मॉडल स्कूलों के रूप में दिखाया गया।
- 10:47AM:कर्नाटक की झांकी में वहां के फोक डांस को दिखाया गया।
- 10:46 AM:पहली बार लक्षद्वीप की झांकी शामिल हुई। स्कूबा डाइवर के चश्मे से समुद्र के अंदर का नजारा दिखाया गया।
- 10:45 AM:गुजरात की झांकी में कच्छ रास को दिखाया गया। लोगों ने पारंपरिक ड्रेस में डांस किया।
- 10:44 AM:मणिपुर की देवी को प्रसन्न करने वाली झांकी दिखाई गई।
- 10:41 AM:महाराष्ट्र की झांकी में लोकमान्य तिलक को दिखाया गया। इस साल तिलक के गणेशोत्सव को 125 साल पूरे हो रहे हैं।
- 10:41 AM:ओडिशा की डोल यात्रा और अरुणाचल प्रदेश के याक डांस की झांकी शामिल हुई।
- 10:39 AM:गढ़वाल राइफल्स ने सलामी दी।
- 10:38 AM:एनसीसी के कैडेट्स ने मार्च किया।
- 10:35 AM:पहली बार एनएसजी की टुकड़ी ने राजपथ पर मार्चपास्ट किया। इसमें आर्मी और आर्म्ड फोर्सेस के बेस्ट जवानों का चुना जाता है।
- 10:34 AM:सीआईएसएफ और दिल्ली पुलिस के बैंड ने भी राजपथ पर जोशीली धुन बजाई।
- 10:33 AM:सीआरपीएफ के बैंड ने राजपथ पर धुन बजाई। सीआरपीएफ के दस्ते ने सलामी भी दी।
- 10:30 AM:सीमा सुरक्षा बल का ऊंट सवार दस्ता अपने पारंपरिक लिबास में राजपथ पर नजर आया।
- 10:29 AM:बीएसएफ की टुकड़ी ने मार्चपास्ट किया।
- 10:28 AM:डीआरडीओ की स्वदेशी अस्त्र प्रणाली ने अपनी झांकी दिखाई। इसमें अरुध्रा देसी रडार को दिखाया गया।
- 10:26 AM:एयरफोर्स का मार्चिंग दस्ते ने सलामी दी। दस्ते में 144 अफसर शामिल हैं।
- 10:25 AM:नेवी के मार्चिंग दस्ते ने सलामी दी। सबमरीन कलवरी को दिखाया गया।
- 10:24 AM:पूर्व सैनिकों की सलामी।
- 10:23 AM:पंजाब-हरियाणा के सैनिकों की 103 इन्फैंट्री की सलामी।
- 10:20 AM:गोरखा राइफल्स ने राजपथ ने राष्ट्रपति को सलामी दी। इनका मोटो है- जय महाकाली, आयो गोरखाली।
- 10:18 AM:देसी बोफोर्स कहलाने वाली तोप धनुष ने भी राजपथ पर सलामी दी।
- 10:17 AM: जमीन से हवा में मार करने वाली आकाश मिसाइल का मार्च।
- 10:15 AM:वेपन लोकेटिंग रडार स्वाति की टुकड़ी ने भी मार्च किया।
- 10:13 AM:मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री (टैंक दस्ते) का मार्च।
- 10:10 AM:यूएई का आर्मी दस्ते ने की परेड।
- 10:05 AM: रिपब्लिक डे परेड शुरू।
- 10:00 AM:प्रणब मुखर्जी ने शहीद हंगपन दादा की पत्नी को अशोक चक्र दिया। दादा ने कश्मीर में 3 आतंकियों को मार गिराया था। अशोक चक्र शांतिकाल में दिया जाने वाला सबसे बड़ा पुरस्कार है।
- 9:55 AM:प्रणब मुखर्जी और अबू धाबी के प्रिंस मोहम्मद बिन जाएद अल नाह्यां राजपथ पहुंचे। मोदी ने स्वागत किया।
- 9:54 AM:उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी राजपथ पहुंचे। मोदी ने उनका स्वागत किया।
- 9:51 AM:मोदी राजपथ पहुंचे। यूएई से आए मेहमानों से हाल-चाल पूछा।
- 9:41 AM:नरेंद्र मोदी ने अमर जवान ज्योति पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। मोदी सफेद कुर्ता-पायजामा, ग्रे जैकेट और गुलाबी पगड़ी लगाए हुए थे। मोदी के साथ आर्मी चीफ बिपिन रावत, नेवी चीफ सुनील लान्बा और एयर चीफ मार्शल बीएस धनोवा भी मौजूद थे।
- 9:39 AM:राष्ट्रपति भवन में प्रणब मुखर्जी और अबू धाबी के प्रिंस शेख मोहम्मद बिन जाएद अल नाह्यां को सलामी दी गई।
- 9:36 AM:डिफेंस मिनिस्टर मनोहर पर्रिकर राजपथ पहुंचे।
- 9:10 AM: छत्तीसगढ़ के सीएम डॉ. रमन सिंह ने रायपुर में झंडा फहराया और परेड की सलामी ली।
- 9:05 AM: मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में झंडा फहराया और परेड की सलामी ली।
- 8:45 AM: अमित शाह ने बीजेपी मुख्यालय में तिरंगा फहराया।
- 8:00 AM: सेंट्रल सेक्रेटरिएट और उद्योग भवन मेट्रो स्टेशन पर 26 जनवरी को दोपहर 12:30 बजे तक एंट्री-एग्जिट बंद रहेगी। हालांकि मेट्रो सर्विस चालू रहेगी। दिल्ली में इन रास्तों से बचें: राजपथ से लेकर रफी मार्ग, जनपथ और मानसिंह रोड परेड पर खत्म होने तक ट्रैफिक पूरी तरह से बंद रहेगा।
- 7:15 AM: राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने रिपब्लिक डे की बधाई दी।
- 6:15 AM:नरेंद्र मोदी ट्वीट कर देशवासियों को रिपब्लिक डे की बधाई दी।

जानिए क्या हुआ पहली बार...

UAE की आर्मी ने की परेड
- ये पहली बार है जब भारत की रिपब्लिक-डे परेड पर यूएई की आर्मी नजर आई। यूएई ने परेड में हिस्सा लेने के लिए 144 जवान और 44 बैंड मेंबर्स की टीम आई।
- बता दें कि रिपब्लिक-डे पर फॉरेन आर्मी के परेड में शामिल होने का सिलसिला पिछले साल से शुरू हुआ था। तब पहली बार फ्रांस की आर्मी ने परेड में हिस्सा लिया था।

NSG कमांडो
- नेशनल सिक्युरिटी गार्ड पहली बार परेड का हिस्सा बने। NSG अब तक रिपब्लिक डे की सिक्युरिटी का हिस्सा था।
- होम मिनिस्ट्री के अंडर में काम करने वाले NSG का काम काउंटर टेररिज्म, VVIPs की सिक्युरिटी होती है।


पहली बार दिखा तेजस, 27 साल बाद देसी फाइटर प्लेन का फ्लाई पास्ट
- राजपथ पर फ्लाई पास्ट में देश में बना फाइटर प्लेन तेजस दिखाई दिया। तेजस के लिए परेड में शामिल होने का यह पहला मौका है। इससे पहले देसी प्लेन के रूप में मारुत फ्लाई पास्ट करता था। 1971 की जंग में अहम भूमिका अदा कर चुके मारुत को 1990 में रिटायर किया गया था।
- 250 से 300 किमी रेंज की वाला तेजस एयरफोर्स में शामिल हो चुका है। यह महज 460 मीटर के रनवे पर टेकऑफ कर सकता है।
- तेजस एयर-टू-एयर और एयर-टू-सरफेस मिसाइल दागने में कैपेबल है। यह 50 हजार फीट की ऊंचाई तक उड़ान भर सकता है।
- स्वदेशी बेड़े में एडवांस लाइट हेलिकॉप्टर ध्रुव व रूद्र भी शामिल हुए।

AEW&CS
- परेड में पहली बार एयरबोर्न अर्ली वार्निंग एंड कंट्रोल सिस्टम (AEW&CS) का प्रदर्शन किया गया।
- एक्टिव इलेक्ट्रॉनिकली स्कैन्ड अरै, इलेक्ट्रॉनिक सपोर्ट मीजर्स और कम्युनिकेशंस सपोर्ट मीजर्स जैसी टैक्नोलॉजी के चलते ये दुश्मन की खबर बहुत तेजी से देता है।
- बता दें कि AEWS&CS टैक्नीक दुनिया में केवल 5 देशों के पास है।

 देसी बोफोर्स धनुष
- देसी बोफोर्स कहलाने वाली धनुष तोप पहली बार राजपथ पर नजर आई। जबलपुर गन कैरिज फैक्ट्री में बनी धनुष की कीमत 14 करोड़ रु. से ज्यादा है।
- धनुष की रेंज बोफोर्स से भी ज्यादा है। ये 38 किलोमीटर तक मार कर सकती है।
- 45 कैलीबर की 155 मिलीमीटर और ऑटोमेटिक ‘धनुष’ बोफोर्स तोप की टेक्नीक पर बेस है।
- यह ऑटोमेटिक सिस्टम से खुद ही गोला लोड कर फायर कर देती है। कई घंटों तक फायरिंग के बाद भी बैरल गर्म नहीं होता।

 नेशनल हाउसिंग बैंक की झांकी पहली बार
नेशनल हाउसिंग बैंक (NHB) की झांकी इस परेड में पहली बार शामिल की गई है। स्मॉल एंड मीडियम एंटरप्राइजेज की झांकी खादी इंडिया में ट्रेडिशनल वीवर्स पर फोकस किया है। सेंट्रल बोर्ड ऑफ एक्साइज एंड कस्टम्स की झांकी में GST के बारे में बताया गया। GST को आजादी के बाद सबसे बड़ा टैक्स रिफॉर्म बताया गया है।

कैमिकल अटैक के लिए स्पेशल टीम
 रिपब्लिक-डे पर कैमिकल अटैक के खतरे को भांपने के लिए NDRF एक स्पेशल यूनिट राजपथ पर तैनात थी। NDRF के एक अफसर ने बताया, "कैमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल और न्यूक्लियर (CBRN) अटैक के खतरे को देखते हुए 90 लोगों की CBRN यूनिट तैनात की गई थी। "इस टीम के अलावा HAZMAT भी तैनात की गई थी, जो कि CBRN खतरे के दौरान सुरक्षा मुहैया कराने के लिए स्पेशलिस्ट व्हीकल है।'

तिरंगे के रंग में बुर्ज खलीफा
ऐसा पहली बार हुआ, जब रिपब्लिक-डे के मौके पर दुनिया की सबसे ऊंची बिल्डिंग बुर्ज खलीफा तिरंगे जैसी रोशनी में नजर आया। रिपब्लिक डे से एक दिन पहले 823 मीटर ऊंची इस बिल्डिंग पर LED से तिरंगे की लाइटिंग की गई। बुर्ज खलीफा के ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर भी भारत को रिपब्लिक डे की शुभकामनाएं दी गईं।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com