-->

Breaking News

हर्षोल्लास एवं गरिमामय ढंग से मनेगी स्वाधीनता की 70वीं वर्षगांठ

एमपी ऑनलाइन न्यूज़, ग्वालियर
भारतीय स्वाधीनता की 70वीं वर्षगांठ जिले में हर्षोल्लास, धूमधाम एवं गरिमामय ढंग से मनाई जायेगी। स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त पर जिले का मुख्य समारोह यहाँ कम्पू स्थित एसएएफ ग्राउंड पर आयोजित होगा। इस गरिमामयी समारोह में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री जयभान सिंह पवैया ध्वजारोहण कर संयुक्त परेड की सलामी लेंगे। मुख्य समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सैनानियों एवं कारगिल शहीदों की विधवाओं को भी सम्मानित किया जायेगा। इस अवसर पर रंगारंग व मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी होगा।

समारोह की तैयारियों के सिलसिले में कलेक्टर श्री राहुल जैन, पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष एवं अपर कलेक्टर शिवराज वर्मा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की रूप रेखा पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही मुख्य समारोह के लिये अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। अधिकारियों से कहा गया कि स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सभी कार्यक्रम पूरी गरिमा के साथ आयोजित हों, इसके लिये अभी से व्यापक तैयारियां करें। सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर चर्चा करते हुए अपर कलेक्टर ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम भारतीय संस्कृति एवं राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत होना चाहिए। उन्होंने कहा मुख्य समारोह के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का चयन जल्द से जल्द कर लें, ताकि स्कूली बच्चे बेहतर ढंग से तैयारी कर सकें। कार्यक्रम में कुल पांच सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। जिनके चयन के लिये अपर कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है। इस अवसर पर मध्यप्रदेश गान का भी आयोजन किया जायेगा। समारोह स्थल पर अतिथिओं तथा महिलाओं एवं जनप्रतिनिधियों व प्रेस आदि के बैठने के लिए अलग -अलग सेक्टर बनाने के लिए कहा गया है। प्रत्येक सेक्टर के लिए एक-एक अधिकारी की जवबादारी सुनिश्चित की गई है। सभी विभागों के सरकारी अधिकारी व कर्मचारियों को भी अपने-अपने कर्यालयों में ध्वजारोहण के पश्चात मुख्य समारोह में आवश्यक रूप से शामिल होने की हिदायत दी गई।  

मुख्य समारोह के लिए अधिकारियों को सौंपे दायित्व
अति महत्वपूर्ण और सीमित मात्रा में ही दिए जाएंगे पुरस्कार 
कलेक्टर राहुल जैन ने कहा कि मुख्य समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले और प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरण की परंपरा के तहत संख्या सीमित रखी जाए। इस अवसर पर उन्हीं शासकीय कर्मियों को पुरस्कृत किया जाए, जिनके द्वारा अति उल्लेखनीय उपलब्धि अर्जित की गई है। यह पुरस्कार राज्य सरकार की थीम बेस योजनाओं पर आधारित ही होंगे। 

फाइनल रिहर्सल 13 अगस्त को
स्वतंत्रता दिवस समारोह पर निकलने वाली परेड व सांस्कृतिक कार्यक्रमों आदि की फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल 13 अगस्त को होगी। फायनल रिहर्सल के दिन भी पेयजल इत्यादि के इंतजाम करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। रिहर्सल में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को लाने - ले जाने के लिये वाहन और स्वल्पाहार की  व्यवस्था भी सुनिश्चित की जायेगी। 

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com