सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समय पर मिले पेंशन का लाभ
एमपी ऑनलाइन न्यूज़ रिपोर्टर राज पंत
गुना। कलेक्टर श्री राजेश जैन ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन का लाभ समय पर दिलाने के पेंशन अधिकारी को निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने यह निर्देश यहां सम्पन्न हुई जिला पेंशन फोरम की बैठक में दिए। बैठक में जिला पेंशनर्स संघ के पदाधिकारियों समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
जिला अस्पताल में पेंशनरों के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु शिविर लगाने की पेंशनर संघ ने मांग की। इस पर कलेक्टर ने उपलब्ध संसाधनों को ध्यान में रखते हुए उपयुक्त तिथि को स्वास्थ्य शिविर लगाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि समय-समय पर बाहर से चिकित्सा विशेषज्ञ जिला अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण करने हेतु आते रहते हैं। इन विशेषज्ञों से पेंशनर्स का भी स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। उन्होंने इसकी व्यवस्था करने के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा जिला अस्पताल में उपलब्ध दवाइयां पेंशनर्स को दिलवाई जाएगी। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी से पूछा कि लोक शिक्षण विभाग के कितने कर्मचारियों को अब तक डुप्लीकेट सेवापुस्तिकाएं दी जा चुकी हैं? जिला शिक्षा अधिकारी ने डुप्लीकेट सेवा पुस्तिकाओं के वितरण की स्थिति से कलेक्टर को अवगत कराया। पेंशनर्स ने बैंकों में पेंशनर्स के लिए आने वाली कठिनाइयों की ओर कलेक्टर का ध्यान आकर्षित कराया। पेंशनर्स ने बताया कि बैंकों में अस्सी वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पेंशनर्स की पेंशन में बढ़ोत्तरी नहीं की जाती। पेंशनर्स ने बैंकों में पासबुकों में प्रविष्टि नहीं किए जाने की ओर भी कलेक्टर का ध्यान आकर्षित कराया। इस पर कलेक्टर ने लीड बैंक प्रबंधक को निर्देश दिए कि वे पेंशनर्स की समस्याओं का समाधान करना सुनिश्चित करें। लीड बैंक प्रबंधक ने पेंशनर्स से कहा कि वे बैंक संबंधी किसी भी प्रकार की समस्या के लिए सीधे उन्हें अवगत कराएं।
कलेक्टर ने कहा कि अधिकारियों और पेंशनर्स के बीच बेहतर समन्वय का होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अधिकांश कार्यालयों में स्टाफ की कमी है। किन्तु फिर भी पेंशनर्स के कार्यों के लिए कम संसाधनों के बीच कैसे बेहतर रिजल्ट दिया जाए, यह सुनिश्चित किया जाएगा। कलेक्टर ने पेंशनर्स को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं को हल किया जाएगा।
No comments
सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com