अस्पतालों, स्कूलों, कॉलेजों को सुसज्जित बनाने की हिदायत
एमपी ऑनलाइन न्यूज़ रिपोर्टर राज पंत
गुना। आयुक्त ग्वालियर संभाग एस.एन. रूपला ने गुना जिले को खुले में शौच से मुक्त करने के लिए शौचालयों के निर्माण की गति बढ़ाने की जरूरत जताई है। उन्होंने जिले के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों जनपद को निर्देश दिए कि वे शौचालयों का निर्माण युद्ध स्तर पर कराना सुनिश्चित करें। आयुक्त ने यहां इस आशय के निर्देश मुख्य कार्यपालन अधिकारियों जनपद समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक में दिए। बैठक में कलेक्टर श्री राजेश जैन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कैलाश वानखेड़े भी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना के तहत अधिक-से-अधिक जरूरतमंदों का बीमा कराने के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों जनपद को निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य कार्यपालन अधिकारियों जनपद को हिदायत दी कि यदि किसी बीमित व्यक्ति की मृत्यु हो जाती है, तो उसके आश्रित परिवार के बीमा क्लेम बगैर समय गंवाए बैंक को भिजवाना सुनिश्चित करें, ताकि आश्रित परिवार को समय पर बीमा राशि प्राप्त हो जाए। आयुक्त ने स्कूलों-कालेजों एवं अस्पतालों को सुसज्जित बनाने के विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन संस्थाओं को आकर्षक बनाए रखने हेतु कोई कसर ना छोड़ी जाए। उन्होंने पशु अस्पताल को भी आकर्षक एवं सुसज्जित बनाने के उपसंचालक पशु चिकित्सा को निर्देश दिए। आयुक्त ने विभिन्न रोजगार मूलक योजनाओं के प्रकरणों में हितग्राहियों को ऋण वितरण कराने की रफ्तार बढ़ाने पर जोर दिया और कहा कि सिर्फ प्रकरण मंजूर कराना ही काफी नहीं होता, बल्कि ऋण बंटवाना भी जरूरी है।
आयुक्त ने प्रायवेट भवनों में चल रहे आंगनबाड़ी केन्द्रों को शासकीय स्कूलों के एक कक्ष में स्थानांतरित करने के जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास को निर्देश दिए। इस पर कलेक्टर श्री जैन ने मुख्य कार्यपालन अधिकारियों जनपद को निर्देश दिए कि नए आंगनबाड़ी भवन निर्माण हेतु अगर उन्हें शासकीय जमीन चाहिए, तो वे फौरन प्रस्ताव बनाकर पेश करें, ताकि उन्हें जमीन आवंटित की जा सके। आयुक्त ने श्रमपदाधिकारी को निर्देश दिए कि यदि किसी अपंजीकृत श्रमिक की काम करते समय दुर्घटना में मृत्यु हो जाती है, तो उसको भी सहायतानुदान राशि दिलवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने श्रमिकों की मृत्यु होने पर उनके आश्रितों को अन्त्येष्टि हेतु सहायतानुदान दिलवाने तथा श्रमिकों के बच्चों को छात्रवृत्ति एवं बेटियों की शादी हेतु तत्परता से सहायतानुदान दिलवाने के भी श्रम पदाधिकारी को निर्देश दिए।
आयुक्त ने की राजस्व प्रकरणों की समीक्षा
आयुक्त श्री रूपला ने अनुविभागीय अधिकारियों राजस्व एवं तहसीलदारों की बैठक में राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की और लंबित राजस्व प्रकरणों का तत्परता से निराकरण करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने राजस्व न्यायालयों में दर्ज प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व अधिकारियों से कहा कि आपके न्यायालयों में जो प्रकरण दर्ज हों, उनकी क्वालिटी एवं क्वांटिटी पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। आयुक्त ने कहा कि न्यायालय में ना सिर्फ प्रकरणों के पंजीयन की माकूल व्यवस्था हो, बल्कि वहां साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। आयुक्त ने नामांतरण, सीमांकन, बंटवारे एवं जाति प्रमाण-पत्रों के प्रकरणों का यथासमय निराकरण करने के राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के प्रकरणों को दर्ज किया जाए और राजस्व वसूली पर ध्यान दिया जाए। उन्होंने चलित न्यायालयों के आयोजन का कार्यक्रम बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर राजस्व निरीक्षक वृत्त में पहले कैम्प लगाकर नामांतरण, सीमांकन, बंटवारे आदि के प्रकरणों को दर्ज किया जाए। उसके बाद वहां पुन: शिविर लगाकर उन प्रकरणों का निस्तारण किया जाए। उन्होंने अनुविभागीय अधिकारियों राजस्व से कहा कि जो केस दर्ज किए जाएं, उनका यथासमय निराकरण करना भी सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर श्री राजेश जैन ने शीघ्र चलित न्यायालयों के आयोजन का कार्यक्रम बनाकर कैम्प लगवाने का आश्वसन दिया। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए वे राजस्व प्रकरणों का युद्ध स्तर पर निराकरण करना सुनिश्चित करें। इस मौके पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कैलाश वानखेड़े भी उपस्थित थे।
No comments
सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com