विधायक सिसौदिया का किसानों से आव्हान, महाराज को सौंपें मध्यप्रदेश की कमान
राज कुमार पंत
बमौरी से किसान आंदोलन की शुरूआत
गुुना, ब्यूरो । वर्ष 2018 में भाजपा की प्रदेश सरकार को उखाड़-फेंकने के साथ प्रदेश में परिवर्तन लाना होगा और महाराज ज्योतिरादित्य सिंधिया को मुख्यमंत्री बनाना होगा। यह आव्हान बमौरी विधायक महेन्द्रसिंह सिसोदिया ने रविवार को बमौरी मुख्यालय पर आयोजित एक विशाल किसान आंदोलन को सम्बोधित करते हुए क्षेत्रीय जनता से किया। उन्होंने कहा कि यह किसान सम्मेलन नहीं है, बल्कि एक व्यापक जनआंदोलन है, जितना हम और आप संघर्ष करेंगे उतनी ही सरकार झुकेगी।
स्थानीय स्कूल प्रांगण मैदान में हजारों की संख्या में जमा हुए किसानों के बीच जय जवान-जय किसान के जोशीले नारे के साथ श्री सिसौदिया ने अपने उद्बोधन की शुरूआत की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खोखली हो चुकी है। चारों ओर समस्याएं ही समस्याएं हैं, लेकिन उनका निदान नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में गुना आगमन के दौरान मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान को उन्होंने एक ज्ञापन सौंपते हुए कहा था कि बीमा का मुआवजा देना सरकार का किसानों पर कोई अहसान नही है। बीमा राशि मिलना किसानों का अपना हक है। यह मुआवजा राशि प्रीमियम राशि अदा करने पर ही बांटी जा रही है। 212 करोड़ की बीमा राशि के बांटने का दावा करने वाले मुख्यमंत्री से इस मंच के जरिए पूछना चाहता हूं कि आखिर वह राशि गई कहां? किसानों तक तो यह राशि अब तक पहुंची ही नहीं है, जो थोड़ी बहुत बीमा की राशि किसानों के खातों में पहुंची है उसमें से भी बैंकों ने कुछ राशि किसानों के कर्ज अदायगी के रूप में काट ली।
विधायक श्री सिसौदिया ने कहा कि फसल बीमा के लिए अतिरिक्त समय भी किसानों को नहीं दिया गया जिससे बड़ी संख्या में किसान अपनी फसलों का बीमा नहीं करा सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान को फसल बीमा की राशि का श्रय लेना ही था तो फसल बीमा कराने से वंचित रहे सभी किसानों को बीमा राशि दी जानी चाहिए थी। उन्होंने 13 सूत्रीय मांगों का हवाला देते हुए कहा कि इनमें सबसे प्रमुख मांग 10 साल से अधिक समय से सरकारी भूमि पर काबिज सभी जातियों के किसानों को पट्टा देने की है, क्योंकि वह भूमि सरकार के किसी काम की नही है इसलिए उस जमीन का मालिकाना हक अगर किसान को मिलता है तो वह अपने परिवार का पालन-पोषण और बेहतर तरीके से कर सकता है।
इस अवसर पर प्रदेश कांगे्रस उपाध्यक्ष तुलसी सिलावट ने भी अपने उद्बोधन में किसानों को सम्बोधित करते हुए कहा कि बमौरी विधायक ने क्षेत्र के किसान के साथ ही युवाओं तथा माता-बहनों व समाज के अंतिम व्यक्ति की पीड़ा को महसूस किया है। साथ ही 13 सूत्रीय जो मांगें उठाई हैं उनमें से कई ऐसी हैं जिन्हें वर्ष 2018 के चुनाव में कांगे्रस के घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा और कांगे्रस की सरकार बनने पर उन्हें अमलीजामा पहनाया जाएगा। श्री सिलावट ने कहा कि फसल का उचित दाम अन्नदाता को मिले और उनके हितों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का लाभ भी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे इसके लिए क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सत्याग्रह के रूप में देशव्यापी आंदोलन किया और केन्द्र सरकार तक अपनी बात पहुंचाई।
किसानों के इस आंदोलन को जिला कांगे्रस अध्यक्ष योगेन्द्र लुम्बा ने भाजपा की केन्द्र और राज्य सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि झट बोलो, झूठ बोलो और जोर से बोलो की नीती पर लोगों का समर्थन जुटाया है, मगर आम जनता के हित में इन सरकारों ने कोई काम नहीं किया है। किसानों को फसल की लागत का 50 फीसदी मुनाफा देने का भी भाजपा ने वायदा किया था, लेकिन उसे पूरा नहीं किया। यहां तक कि अपनी मांगों को लेकर आंदोलन करने वाले किसानों की छातियों को भी गोली छलनी कर दिया। इस दौरान बमौरी विधानसभा प्रभारी विपिन खुजनेरी, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष देवेन्द्र गुप्ता, श्रवण धाकड़, संगीता रजक आदि ने भी विशाल किसान आंदोलन को सम्बोधित किया। कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक कांगे्रस अध्यक्ष बि_लदास मीना ने किया।

No comments
सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com