-->

Breaking News

उपचुनाव : सुबह 10 बजे तक कोलारस में 16, तो मुंगावली में 17 फीसदी मतदान



भोपाल: मध्यप्रदेश में शिवपुरी जिले के कोलारस और अशोकनगर जिले के मुंगावली विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए शनिवार सुबह 8 बजे से मतदान प्रकिया शुरू हो गई, जोकि शाम 5 बजे तक चलेगी. मतदाता केंद्रों पर लंबी-लंबी लाइनें लगनी शुरू हो गई हैं. सुबह 10 बजे तक कोलारस में 16 फीसदी मतदान होने खबर है, जबकि मुंगावली में 17 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मत का इस्तेमाल किया. इससे पहले कुछ बूथों पर ईवीएम की खराबी की वजह सेे मतदान प्रक्रिया देर से शुरू हुई, हालांकि बाद में मशीनों को ठीक कर दिया गया.

निर्वाचन अधिकारी रवीश श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि ईवीएम खराबी की शिकायत पर अशोकनगर के 18 मतदान केंद्रों पर मशीनों को बदला गया. वहीं दूसरी ओर मतदान केंद्र 172 की ईवीएम खराब होने की सूचना परनिर्वाचन अधिकारी ने कहा कि वह जांच कर रहे हैं, जबकि बरखेड़ा जमाल में ईवीएम खराब होने की वजह से 10 बजे तक वोटिंग नहीं हो सकी थी.

ईवीएम मशीनों की खराबी पर मुख्य चुनाव अधिकारी  सलीन सिंह ने जानकारी देते हुए बताया, 'कोलारस में 15 और मुंगावली में 17 वीपीपैट मशीनें सही से काम नहीं कर रही है, जिस बाद में बदल दिया गया. सभी मतदान केंद्रों पर वोटिंग जारी है.' कोलारस की बूथ संख्या 57 पर ईवीएम के काम नहीं करने की वजह से वोटिंग समय पर शुरू नहीं हो सकी थी, जिसकी वजह से मतदाताओं काफी देर तक बाहर इंतजार में खड़ा रहना पड़ा. वोट डालने के लिए आए एक स्थानीय मतदाता ने बताया, 'मैं पिछले एक घंटे से वोटिंग के लिए लाइन में खड़ा हूं, लेकिन ईवीएम के ठीक होने तक मतदान शुरू नहीं हो सकता.'

कोलारस और मुंगावली के 575 मतदान केंद्रों के लिए तीन हजार से अधिक मतदान कर्मी तैनात किए गए हैं. दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में 30-30 संवेदनशील मतदान-केंद्रों की वेबकास्टिंग करवाई जा रही है. कोलारस में 311 में से 200 और मुंगावली में 264 में से 133 संवदेनशील मतदान-केंद्र हैं.

उपचुनाव में ईवीएम के साथ वीवीपैट मशीन भी लगाई गई हैं, ताकि मतदाता देख सकें कि उन्होंने जो वोट दिया है वह सही है या नहीं, इसके लिए उन्हें सात सेंकेंड का समय मिलेगा. इस उपचुनाव को सत्तापक्ष भाजपा और विपक्षी कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इस उपचुनाव को दोनों दलों के बीच सेमीफाइनल के तौर पर भी देखा जा रहा है, क्योंकि इस साल के अंत में प्रदेश में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित है.

उपचुनाव के मतदान में कोलारस निर्वाचन क्षेत्र के दो लाख 44 हजार 457 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे. इनमें एक लाख 30 हजार 697 पुरुष, एक लाख 13 हजार 753 महिला और सात थर्ड जेंडर शामिल हैं. मुंगावली में एक लाख 91 हजार नौ मतदाता वोट डालेंगे. इनमें एक लाख 2 हजार 75 पुरुष, 88 हजार 933 महिला तथा एक थर्ड जेंडर मतदाता है. दोनों क्षेत्रों में सभी 575 मतदान केंद्रों के लिए 3 हजार से अधिक मतदान-कर्मी तैनात किए गए हैं.

कोलारस में 22, तो मुंगावली में कुल 13 उम्मीदवार
मुंगावली में कांग्रेस विधायक महेन्द्र सिंह कालूखेड़ा के निधन होने से और कोलारस में कांग्रेस के विधायक रामसिंह यादव के निधन होने से चुनाव कराने पड़ रहे है. मुंगावली उपचुनाव में कुल 13 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि मुख्य मुकाबला कांग्रेस के उम्मीदवार बृजेन्द्र सिंह यादव और भाजपा उम्मीदवार श्रीमती बाई साहब यादव के बीच है. कोलारस में कुल 22 उम्मीदवार इस चुनावी समर में है और मुख्य मुकाबला कांग्रेस के महेन्द्र सिंह यादव और भाजपा के देवेन्द्र जैन के बीच है. कोलारस में सभी उम्मीदवार पुरुष तथा मुंगावली में 10 पुरुष एवं 3 महिला उम्मीदवार है.

सुरक्षा चाक-चौबंद
शिवपुरी के पुलिस अधीक्षक सुनील पांडे ने शुक्रवार (23 फरवरी) को संवाददाताओं को बताया कि कोलारस उपचुनाव को लेकर प्रत्येक मतदान केंद्र पर सशस्त्र बलों को तैनात किया गया है. इसके लिए अर्धसैनिक बल सहित मध्यप्रदेश पुलिस की 10 कंपनियां चुनाव ड्यूटी में लगाई गई हैं. कोलारस में 53 पुलिस मोबाइल टीमें अलग से तैनात की गई हैं. इसके अलावा स्थानीय थाने की पुलिस सुरक्षा भी है. शिवपुरी और अशोकनगर जिले से जुड़ने वाली उत्तर प्रदेश एवं राजस्थान की सीमा को सील कर दिया गया है. दोनों निर्वाचन क्षेत्र में माइक्रोऑब्जर्वर भी तैनात किए गए हैं.

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com