-->

Breaking News

सत्ता परिवर्तन रैली में हुआ भाजपा को सत्ता से हटाने का शंखनाद

कटनी। विधान सभा चुनाव के लिए कांगे्रस द्वारा कल से प्रारंभ सत्ता परिवर्तन रैलियों के दूसरे दिन आज कटनी के घंटाघर में पहली सत्ता परिवर्तन रैली हुई। रैली की आम सभा में विधिवत मंत्रोच्चार के बीच शंख बजाकर भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने का शंखनाद किया गया। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के निशाने पर सीधे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान होंगे। इस बात के स्पष्ट संकेत आज आम सभा में पार्टी नेताओं ने दे दिए। हजारों कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की मौजूदगी वाली इस पहली चुनावी सभा में मंच से तमाम नेताओं ने ना सिर्फ शिवराज को घेरा बल्कि उन पर तमाम व्यक्तिगत आरोप भी लगाए। मंच से वरिष्ठ कांगे्रस नेता एवं केन्द्रीय मंत्री कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, वरिष्ठ कांगे्रस नेता सत्यव्रत चतुर्वेदी, प्रदेश कांगे्रस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया, नेताप्रतिपक्ष अजय सिंह एवं पूर्व केन्द्रीय राज्य मंत्री अरूण यादव की मौजूदगी में हुए शंखनाद में हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे। मध्यप्रदेश कांगे्रस कमेटी के महासचिव संजय पाठक हेलीपेड से नेताओं को लेकर सभा स्थल पहुंचे। मंच पर विधायक निशिथ पटेल एवं महापौर श्रीमती निर्मला पाठक भी मौजूद रहींं। कार्यक्रम को लेकर जनता में काफी उत्साह देखा गया।
केन्द्रीय मंत्री कमलनाथ ने कहा कि भ्रष्ट सरकार को हटाना होगा। भाजपा तो राम नाम जपना और पराया माल अपना मंत्र पर काम कर रही है। किसानों के अधिकार को अपने अधिकार में बदलने का काम रहे हैं, जिससे किसानों का हक भी मारा जा रहा है। मध्य प्रदेश में बलात्कार की घटनाएं आम हो चुकी हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री एक तरफ बेटियों को बचाने की बात कर रहे हैं तो दूसरी तरफ भाजपा नेताओं से नाता रखने वाले लोग सरेराह बेटियों के साथ दुष्कृत्य, छेडख़ानी जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब तो प्रदेश में नौजबान भी सुरक्षित नहीं रह पा रहे हैं। प्रदेश सरकार को तो सिर्फ और सिर्फ जनता से धन एकत्रित करना आता है। उन्होंने कहा कि अब कमर कस कर भाजपा भाजपा की भ्रष्ट-निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकने का समय आ गया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि युवाओं को शिवराज बेरोजगार नहीं रहने देने का दावा करते हैं। वे बताएं कि प्रदेश में अब तक कितने उद्योग लगे और कितना रोजगार मिला ? छिंदवाड़ा आकर देखें पता चलेगा विकास किसे कहते हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विज सिंह ने कहा कि पीडीएस में हर महीने 300 करोड़ रूपए का घोटाला हो रहा है। पूर्व वित्त मंत्री राघवजी की सीडी स्वयं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बनवाई है। राघवजी ने कुछ नया नहीं किया। आरएसएस में जो सिखाया जाता है वही उन्होंने किया। शिवराज सिंह को विकास के मुद्दे पर मेरी खुली चुनौती है कि वे सार्वजनिक मंच पर आएं और मुझसे बहस करें। स्पष्ट हो जाएगा कि मेरा कार्यकाल बेहतर था या उनका। इन दिनों जनता का जोश देखकर लगता है कि भाजपा के बुरे दिन आ गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की जनआशीर्वाद यात्रा के साथ भाजपा नेता नारियल की बोरी लेकर चल रहे हैं और जहां से निकलते हैं वहां पर नारियल फोड़कर एक नई घोषणा कर शिलान्यास करते चलते हैं। दस साल से भाजपा की सरकार क्या कर रही थी जो अब चुनाव नजदीक आते ही विकास कार्य करने की बात कर रही है। श्री सिंह ने भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार करते हुए कहा कि युवा नौकरी के लिए यहां वहां भटक रहे हैं। भाजपा की सरकार द्वारा गरीबों के हक के अधिकार को भी छीन लेने का काम किया जा रहा है। आपने कहा कि भाजपा में शामिल नियत खराब नेता दुष्कृत्य कर रहे हैं तो भला जनता कैसे सुरक्षित रह सकती है। उन्होंने कहा कि ऐसा ही जोश और परिवर्तन बनाए रखने की जरूरत है जिससे भाजपा की सरकार को हटाया जा सके। जो मुख्यमंत्री अपनी पत्नी को सम्मान नहीं दिला सकता वह प्रदेश को भला क्या सम्मान दिला सकेगा।
प्रदेश कांगे्रस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया ने हर क्षेत्र में भाजपा सरकार की विफलताओं को गिनाते हुए कहा कि अब प्रदेश की जनता के सामने यह सच आ चुका है कि भाजपा की सरकार पिछले वर्षों में जो दावे करती आ रही है, वे सारे खोखले साबित हो चुके हैं। महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा और बेटी बचाओ का ढ़िढ़ोरा तो खूब हुआ, किंतु आज हालात यह है कि प्रदेश में कहीं भी महिलाएं और बालिकाओं का मान सम्मान सुरक्षित नहीं है। आपने कहा कि भाजपा ने 9-10 साल के अपने राज मंे प्रदेश भर में दलालों की फौज खड़ी कर दी है, जो आम नागरिकों और सरकारी तंत्र का भी बेखौफ शोषण कर रहे हैं। आदिवासियों और दलितों की तरफ से इस सरकार का ध्यान ही नहीं है। कांगे्रस सरकार ने उनको सुविधाएं दी थीं, वे भी उनसे छीन ली गई हैं। श्री भूरिया ने कहा है कि प्रदेश में विकास के नाम पर केवल शिलान्यास के लाखों पत्थर ही खड़े किये गए हैं। नतीजा यह है कि भाजपा के लोग जनता का सामना नहीं कर पा रहे हैं। जनता के सवालों के वे जवाब नहीं दे पा रहे हैं।
वरिष्ठ कांगे्रस नेता सत्यव्रत चतुर्वेदी, राज्य सभा सदस्य ने कहा कि सड़कों और बिजली को लेकर भाजपा सरकार बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन सड़कों की दुर्दशा सबके सामने है। 6 घंटे से अधिक बिजली नहीं मिल रही है। वे ही लोग शिवराज जिंदाबाद कह रहे हैं, जिन्होंने उनके राज में दिल खोलकर कमाई की है। आपने कहा कि स्कूलांे और अस्पतालों की आज जैसी दुर्दशा पहले कभी देखने को नहीं मिली थी। स्कूलों में शिक्षक और अस्पतालों में डाक्टर नहीं है।
केन्द्रीय ऊर्जा राज्य मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रदेश को विनाश के रास्ते पर ले जाने वाले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सरकार की विदाई का वक्त आ चुका है। झूठी घोषणाएं और झूठे वायदे करने वालों को अब प्रदेश की जनता कतई बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है। उन्होंने शिवराज सिंह से सीधा सवाल किया कि उन्होंने वादे तो हजार किये लेकिन कितने वादों को पूरा किया। वे यह जनता को बतावें कि उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की सरकार डबल एस से चल रही है, अर्थात शर्मा और सूर्यवंशी। श्री सिंधिया ने कहा कि मेरे कटनी जिले से आत्मीय रिश्ते हैं। इसलिए कटनी जिले के विकास की जिम्मेदारी मेरी भी है। उन्होंने कहा कि कटनी जिले में सड़कें कम गड्ढे ज्यादा दिखाई देते हैं। मध्यप्रदेश की स्थिति यह हो चुकी है कि अब नौजवान भी सुरक्षित नहीं हैं। श्री सिंधिया ने कहा कि भाजपा की सरकार किसानों को लाभ देने की बात कर रही है, लेकिन आज किसानों को खाद, बिजली के लिए परेशान होना पड़ रहा है। प्रदेश सरकार सिर्फ घोषणाएं करती है। सात हजार घोषणाओं में से अभी भी 6 हजार घोषणाएं अधूरी हैं। इतना ही नहीं उन्होंने भाजपा के कलंकित नेताओं के बारे में कहा कि जिन्होंने पार्टी को कलंक लगाया, पार्टी ने जिन्हें बाहर कर दिया और फिर उन्हें मंच पर अपने साथ बैठा लिया। ऐसी भाजपा की सरकार का क्या विश्वास।
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने मंच से कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विकास करने का झूठा वायदा कर रहे हैं। उन्होंने भाजपा नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कटनी जिले के भाजपा नेताओं में कितनी एकजुटता है। उसका पता इसी से लगता है कि खुद ही अपनी पार्टी के दूसरे भाजपा नेता की बुराई करते फिरते हैं। इतना ही जिले का विकास करने में भाजपा नेता झूठे वायदे करने के सिवाये कुछ नहीं कर रहे। जनता की मदद करने के वक्त कौन नेता कितना साथ निभाते हैं यह तो जनता अच्छी तरह से जानती है। केन्द्र सरकार की योजनाओं को अपनी योजना बताकर जनता को गुमराह करने के सिवाय कुछ नहीं कर रहे।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती निर्मला पाठक, विधायक द्वय संजय पाठक और निशिथ पटेल, पूर्व विधायक सुनील मिश्रा, पूर्व महापौर विजेंद्र मिश्र, पूर्व विधायक लक्ष्मीचंद बाझल, जिला कांगे्रस ग्रामीण अध्यक्ष गंगाराम कटारिया, पूर्व महापौर राजकुमारी जैन, महिला कांगे्रस अध्यक्षद्वय ज्योति राजपूत एवं रजनी सोनी, सेवादल अध्यक्ष विक्रम खंपरिया, ब्लाक कांगे्रस अध्यक्ष अरूण कनौजिया एवं संतोष शुक्ला भी उपस्थित थे। पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री अरूण यादव ने भी रैली को संबोधित किया।
सतना और टीकमगढ़ में भी विशाल सत्ता परिवर्तन रैलिया
कांगे्रस की सत्ता परिवर्तन रैलियों के दूसरे दिन आज कटनी के अलावा सतना और टीकमगढ़ में भी विशाल रैलियां हुई। रैलियों को केंद्रीय शहरी विकास मंत्री कमलनाथ, पूर्व मुख्य मंत्री दिग्विजियसिंह, प्रदेश कांगे्रस अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया, राज्य सभा सदस्य सत्यव्रत चतुर्वेदी, केंद्रीय ऊर्जा राज्य मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, नेता प्रतिपक्ष अजयसिंह तथा पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अरूण यादव ने संबोधित किया। टीकमगढ़ की आम सभा के बाद टीकमगढ़ से खजुराहो तक कांगे्रस का रोड शो भी हुआ। जिसमें सभी वरिष्ठ नेतागण शामिल हुए।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com