-->

Breaking News

अमेलिया नार्थ कोल ब्लॉक में कोयला उत्पादन मार्च से प्रारंभ होगा

भोपाल।मध्यप्रदेश के सिंगरौली स्थित निगरी में अमेलिया नार्थ कोल ब्लॉक में कोयले का उत्पादन इस वर्ष मार्च माह से प्रारंभ हो जायेगा। खनिज निगम ने इस संबंध में सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। यह जानकारी मंगलवार को खनिज साधन मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल की अध्यक्षता में हुई संचालक मण्डल की बैठक में दी गई। बताया गया कि निगम को कोयला उत्पादन के लिये 11 ब्लॉक आवंटित हैं। खनिज साधन मंत्री श्री शुक्ल ने सभी कोयला ब्लॉक में शीघ्र उत्पादन प्रारंभ करने के भी निर्देश दिये। श्री राजेन्द्र शुक्ल ने निगम के कर्मचारियों के लम्बित प्रकरणों में भी शीघ्र कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये।

बैठक में बताया गया कि अमेलिया नार्थ कोल ब्लॉक से मिलने वाले कोयले को जयप्रकाश पॉवर वेंचर्स लिमिटेड को सप्लाई किया जायेगा। इससे प्रदेश की बिजली उत्पादन क्षमता और बढ़ेगी। बैठक में बताया गया कि स्टेट माइनिंग कार्पोरेशन के बेहतर वित्तीय प्रबंधन से निगम ने करीब साढ़े आठ करोड़ रुपये का लाभांश घोषित किया है। इस राशि का चेक शीघ्र ही राज्य सरकार को सौंपा जायेगा। निगम ने वर्ष 2012-13 में 190 करोड़ का कारोबार किया है।

निगम के प्रबंध संचालक श्री अजातशत्रु ने बताया कि संचालनालय भौमिकी एवं खनि-कर्म एवं खनिज विकास निगम के संयुक्त प्रशासकीय भवन के लिये अरेरा हिल्स में आधा एकड़ भूमि आवंटित की गई है। भवन के निर्माण पर खर्च होने वाली 12 करोड़ की राशि का निगम के बजट में प्रावधान किया गया है। भवन बनने से खनिज विभाग की प्रशासनिक क्षमता बढ़ेगी। मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही शीघ्र किये जाने के निर्देश दिये।

खनिज साधन मंत्री ने प्रदेश में रेत खनन की निविदा संबंधी नियमों में संशोधन के लिये समिति गठित कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिये भी कहा। खनिज निगम को रेत खनन से रॉयल्टी के रूप में पिछले वर्ष 100 करोड़ से अधिक की राशि प्राप्त हुई है।

बैठक में खनिज निगम की उपलब्धियों की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि निगम की मेघनगर (झाबुआ) में संचालित रॉक फास्फेट खदान को 4 पुरस्कार मिले हैं। यह पुरस्कार खान सुरक्षा निदेशालय द्वारा दिये गये हैं। इनमें ब्लास्टिंग प्रेक्टिस स्टोरेज एण्ड ट्रांसपोर्टेशन, पब्लिसिटी प्रोपेगेंडा एण्ड फायर फायटिंग के लिये द्वितीय पुरस्कार एवं माइन वर्किंग हॉल रोड मेंटेनेंस एण्ड ट्रांसपोर्टेशन एवं ओव्हर ऑल परफार्मेंस के लिये तृतीय पुरस्कार दिया गया।बैठक में संचालक बजट श्रीमन शुक्ल, वन सचिव श्री प्रशांत कुमार, उप सचिव ऊर्जा श्री नीरज अग्रवाल, कार्यकारी संचालक श्री किशोर कन्याल भी मौजूद थे।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com