महाराष्‍ट्र : महाराष्‍ट्र में रैली को संबोधित करते हुए भाजपा के पीएम इन वेटिंग नरेंद्र मोदी  ने कांग्रेस और एनसीपी पर हमला करते हुए कहा कि उनको एक भी सीट नहीं मिलनी चाहिए, यही बाला साहेब ठाकरे कोसच्‍ची श्रद्धांजलि होगी। मोदी ने रैली में अप्रत्यक्ष रूप से राहुल का नाम लेते हुए कहा कि शहजादे गुजरात को गाली देते रहते हैं। उन्‍होंने कहा कि शहजादे कहते हैं गुजरात के विकास का गुब्‍बारा फोड़ना है। वे गुजरात के विकास पर सवालिया निशाना लगाते हैं।
 अमरावती में मोदी
मोदी ने पूछा कि क्‍या आप अपनी मां की बातों के गुब्‍बारे को भी फोड़ना चाहते हैं क्‍योंकि उनकी अध्‍यक्षता में ही राजीव गांधी फाउंडेशन ने देश की सबसे प्रगतिशील सरकार गुजरात सरकार को बताया है। मोदी ने कहा, ‘शहजादे जब गुजरात आते हैं तो भूल जाते हैं कि चुनाव पूरे देश में हैं न कि सिर्फ गुजरात में। उन्‍हें अपने कामों के बारे में बोलना चाहिए।’ उन्‍होंने कहा शहजादे ने 2007 और 2012 में भी गुजरात का गुब्‍बारा फोड़ने आए थे और गुजरात के लोगों ने उन्‍हें सच्‍चाई बता दी। मोदी ने महाराष्‍ट्र में लगाए जा रहे लोकल बॉडी टैक्‍स (एलबीटी) पर भी हमला बोलते हुए कहा कि एलबीटी कुछ और नहीं ‘लूटो बांटो टैक्‍स’ है। मोदी ने कहा ये चुनाव अच्‍छी शासन व्‍यवस्‍था के लिए लड़े जा रहे हैं और 16 मई के बाद अच्‍छी सरकार बनेगी।

मोदी ने 26 मार्च से भारत विजय अभियान की शुरुआत की थी जिसके तहत मोदी ने अब तक जम्मू-कशमीर, उत्तर प्रदेश, झारखंड, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और हरियाणा में रैलियों को संबोधित किया। मोदी के 'भारत विजय अभियान' का आज पांचवा दिन है। आज मोदी अकोला (महाराष्ट्र), नांदेड़ (महाराष्ट्र), बेलगाम (कर्नाटक), बागलकोट (कर्नाटक) में रैलियों को संबोधित करेंगे।