-->

Breaking News

मूलर की हैट्रिक की बदौलत जर्मनी ने पुर्तगाल को 4-0 से हराया

सल्वाडोर : थामस मूलर की हैट्रिक की बदौलत तीन बार के पूर्व चैम्पियन जर्मनी ने फीफा विश्व कप के ग्रुप जी के एकतरफा मुकाबले में आज यहां 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रहे पुर्तगाल को 4-0 से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।विश्व कप में 100वां मैच खेल रहे जर्मनी की ओर से फीफा के वर्ष 2010 विश्व कप के गोल्डन बूट विजेता मूलर ने 12वें मिनट में पेनल्टी को गोल में बदलने के अलावा पहले हाफ के इंजरी टाइम और 78वें मिनट में गोल दागे। टीम की ओर से चौथा गोल मैट ह्युमेल्स ने 32वें मिनट में किया।

कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो घुटने की चोट से उबरने के बाद इस मैच में खेले थे लेकिन उनकी मौजूदगी भी दुनिया की चौथे नंबर की टीम पुर्तगाल को बड़ी हार से नहीं बचा पाई। दर्शकों के बीच अपने देश की चांसलर एंजेला मर्केल की मौजूदगी के बीच दुनिया की दूसरे नंबर की टीम जर्मनी ने कौशल और ताकत का शानदार नजारा पेश किया और टीम पूरे मैच में हावी रही। जर्मनी के आगे पुर्तगाल के खिलाड़ी अधिकांश समय बेबस ही नजर आए।

दोनों ही टीमों ने मैच में तेज शुरुआत की जिससे रोमांचक फुटबाल का नजारा देखने को मिला। जर्मनी की टीम ने हालांकि धीरे धीरे मैच पर नियंत्रण बनाना शुरू किया जिसका फायदा उसे पहले हाफ में तीन गोल के रूप में मिला। जर्मनी की ओर से गोल करने का पहला अच्छा मौका सैम खेदिरा को मिला लेकिन इसके लिए पुर्तगाल के खिलाड़ी जिम्मेदार रहे। पुर्तगाल के पेपे ने अपने गोलकीपर रूई पैट्रिशियो की ओर गेंद खेली लेकिन गोलकीपर इसे क्लियर नहीं कर पाए और गेंद को सीधे खेदिरा के पास पहुंचा बैठे। खेदिरा ने इस पर दमदार शाट लगाया लेकिन गेंद पैट्रिशियो के दायें गोल पोस्ट के करीब से बाहर निकल गई। इसके कुछ ही देर बाद पुर्तगाल के जो परेरा ने बाक्स के अंदर जर्मनी के फारवर्ड मारियो गोट्जे को खींचा जिससे रैफरी ने फाउल का इशारा करते हुए उन्हें पीला कार्ड दिखाया और जर्मनी को पेनल्टी किक दे दी।

पिछले विश्व कप के गोल्डन बूट विजेता मूलर ने पेनल्टी पर गेंद को गोलकीपर के दायीं ओर से गोल में पहुंचाकर अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया। पुर्तगाल की टीम इस गोल से सकते में आ गई लेकिन टीम ने इससे संभलते हुए कुछ अच्छे मौके बनाए। टीम को 25वें मिनट में गोल करने का मौका मिला लेकिन लंबे क्रास के बाद गेंद को अपने कब्जे में लेने के वाले नैनी का शाट क्रास बार के ऊपर से निकल गया। सात मिनट बाद जर्मनी ने अपनी बढ़त को दोगुना किया। टीम को कार्नर किक मिली और टोनी क्रूज के शाट को ह्युमेल्स ने हैडर के जरिये गोल में पहुंचा दिया। यह उनका तीसरा अंतरराष्ट्रीय गोल है। उन्होंने अपने तीनों गोल हैडर से ही किए हैं।

पुर्तगाल को मैच के 37वें मिनट में करारा झटका लगा जब रैफरी ने पेपे को लाल कार्ड दिखाकर मैच से बाहर कर दिया। पेपे का हाथ म्यूलर के चेहरे पर लगा जिसके बाद वह चेहरा पकड़कर मैदान पर बैठ गए। पेपे इसके बाद इस फारवर्ड के पास पहुंचे और उन पर अपने सिर से हल्का प्रहार किया जिसके कारण रैफरी ने उन्हें लाल कार्ड दिखा दिया। पुर्तगाल की टीम इसके बाद 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रही थी जिसका जर्मनी ने पूरा फायदा उठाया। जर्मनी के हमले तेज हो गए और पहले हाफ के इंजरी टाइम में उसने स्कोर 3-0 कर दिया जब क्रूज के पास को पुर्तगाल के डिफेंडर ब्रूनो आल्वेस क्लियर नहीं पर पाए और गेंद मूलर के पास पहुंच गई। बायर्न म्यूनिख के इस स्टार ने इसके बाद अपने बायें पैर से शाट लगाते हुए गेंद को गोल में पहुंचा दिया।

दूसरे हाफ में भी जर्मनी ने तेज शुरुआत की। टीम को शुरुआत में ही स्कोर 4-0 करने का मौका मिला लेकिन मेसुत ओजिल के शाट को पुर्तगाल के गोलकीपर पैट्रिशियो ने बाहर निकाल दिया। पुर्तगाल ने हालांकि इसके बाद एक बार फिर पैट्रिशियो की गलती के कारण जर्मनी को गोल करने का मौका दे दिया। पैट्रिशियो की खराब गोल किक के बाद गेंद आंद्रे शुरले के पास पहुंची। शुरले ने दायें छोर से शाट लगाया जिसे पैट्रिशियो ने रोक तो दिया लेकिन गेंद को अपने कब्जे में नहीं ले पाए और उनके पास ही खड़े मूलर ने इसे आसानी से गोल में पहुंचाकर अपनी हैट्रिक पूरी की और जर्मनी को 4-0 से आगे कर दिया जो निर्णायक स्कोर साबित हुआ।मैच के अंतिम लम्हों में फ्री किक पर रोनाल्डो ने दमदार शाट लगाया लेकिन गोलकीपर मैनुएल नुएर ने बेहतरीन प्रयास करते हुए उनसे शाट को बाहर कर दिया।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com