-->

Breaking News

काटजू के आरोप को मनमोहन ने बताया निरर्थक

नई दिल्ली । मद्रास हाई कोर्ट के एक जज की नियुक्ति में दखल देने का आरोप झेल रहे पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने रविवार को चुप्पी तो तोड़ी, लेकिन कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा। उन्होंने मुद्दे को ही निरर्थक करार देकर छोड़ दिया। पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा, 'प्रेस परिषद के अध्यक्ष मार्कंडेय काटजू के आरोप पर पूर्व अटार्नी जनरल सोली सोराबजी भी बोल चुके हैं लिहाजा इस पर मुझे कुछ कहने की जरूरत नहीं है। यह एक निरर्थक मुद्दा है।' मनमोहन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा रविवार को आयोजित इफ्तार पार्टी में पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।

गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व काटजू के उस बयान ने राजनीति गरमा दी थी, जिसमें उन्होंने सीधे तौर से मनमोहन सरकार पर एक जज को बनाए रखने में दखल देने और रुचि लेने का आरोप लगाया था। इस पर भाजपा की ओर से मनमोहन से सफाई मांगी गई थी। पांच-छह दिनों बाद सोनिया गांधी की इफ्तार पार्टी में मनमोहन ने चुप्पी तोड़ी। पत्रकारों के सवालों के जवाब में उन्होंने इसे सिर्फ इतना कहकर टाल दिया कि यह विषय तुच्छ है। लेकिन उन्होंने स्पष्ट शब्दों में आरोपों का जवाब नहीं दिया। जबकि मोदी सरकारी की आर्थिक नीतियों और कोशिशों पर वह फिलहाल ज्यादा कुछ कहना नहीं चाहते थे। सिर्फ इतना भर कहा, 'हमें सरकार को थोड़ा और वक्त देना चाहिए।'

करीब तीन साल बाद रोजा इफ्तार पार्टी दे रहीं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी रविवार को अपने नए राजनीतिक साथियों के साथ एक मेज पर दिखीं। राजधानी दिल्ली के अशोका होटल में आयोजित इफ्तार पार्टी में सोनिया के अगल-बगल राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद और जदयू प्रमुख शरद यादव थे। सोनिया ने मनमोहन को भी अपने ही टेबल पर बुलाया और वह आए भी, लेकिन कुछ देर बाद वह दूसरी टेबल पर पूर्व चुनाव आयुक्त एसवाई कुरैशी और अभिनेत्री शर्मिला टैगोर के साथ दिखे। जबकि राहुल गांधी ने राजनयिकों के साथ इफ्तार किया।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com