-->

Breaking News

मिशन नेपाल पर PM मोदी...

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार सुबह नेपाल की दो दिवसीय यात्रा पर काठमांडू पहुंचेंगे जहां उनके स्वागत की भव्य तैयारी की गई है। प्रोटोकॉल तोड़कर नेपाल के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगवानी करने खुद एयरपोर्ट पर मौजूद रहेंगे। इस अवसर पर मोदी को 19 तोपों की सलामी भी दी जाएगी।

अपनी नेपाल यात्रा की पूर्व संध्या पर प्रधानमंत्री ने नेपाल के विकास कार्यों को भारत द्वारा सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता जतायी। उन्होंने कहा कि वह अपनी इस यात्रा को लेकर ‘उत्सुक’ हैं तथा उम्मीद है कि इससे संबंधों में ‘नया अध्याय’ शुरू होगा। यह यात्रा क्षेत्रीय भागीदारी को बढ़ाने के लिए एक आदर्श एवं उत्प्रेरक के रूप में काम करेगी।

उन्होंने कहा कि वह ‘नए संबंध’ बनाने के लिए नेपाली नेतृत्व के साथ काम करने को लेकर उत्सुक हैं। वह व्यापार एवं निवेश, पन बिजली, कृषि एवं कृषि प्रसंस्करण, पर्यावरण, पर्यटन, शिक्षा, संस्कृति एवं खेल सहित महत्वपूर्ण क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के लिए कदमों की पहचान कर नये संबंध बनाना चाहते हैं।

मोदी नेपाल में अपने समकक्ष सुशील कोइराला से वार्ता करेंगे और उद्योग एवं व्यापार जगत के नेताओं को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि वह इस बात पर विचार विमश करेंगे कि नये डिजिटल युग की पूरी संभावनाओं का लाभ कैसे उठाये जाए ताकि दोनों देशों के युवाओं को सशक्त किया जा सके और नये अवसर सृजित किये जा सकें।

मोदी की दो दिवसीय नेपाल यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच बिजली जैसे क्षेत्रों में समझौतों पर हस्ताक्षर हो सकते हैं। भारत पड़ोसी देश के लिए आर्थिक सहायता की भी घोषणा कर सकता है। पिछले 17 साल में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली द्विपक्षीय यात्रा की पूर्व संध्या पर मोदी ने एक बयान में कहा, ‘मैं अपनी यात्रा को लेकर उत्सुक हूं और प्रसन्न हूं कि प्रधानमंत्री बनने के कुछ ही हफ्ते बाद वहां जा रहा हूं।’

मोदी ने कहा, ‘मुझे उम्मीद है कि मेरी यात्रा से भारत नेपाल संबंधों में एक नया अध्याय खुलेगा। इसकी विशेषता अधिक राजनीतिक संपर्क कायम करना और हमारे असाधारण व्यापक आधार वाले संबंधों के पूर्ण फलक पर नजदीकी सहयोग कायम करना होगी। यह समृद्धि के मकसद से दक्षिण एशिया के लिए आदर्श एवं उत्प्रेरक के रूप में काम करेगी।’

नेपाल को एक करीबी मित्र एवं पड़ोसी करार देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘हमें नेपाल के सामाजिक-आर्थिक विकास में अग्रणी भागीदार होने का गौरव प्राप्त है। हम नेपाल के विकास प्रयासों में अपना समर्थन जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’ मोदी ने कहा कि उनकी यात्रा में प्रकृति, इतिहास, संस्कृति, आध्यात्म एवं धर्म की साझा विरासत की झलक मिलती है।

उन्होंने कहा, ‘इससे मेरी सरकार द्वारा नेपाल के साथ हमारे संबंधों को दी जाने वाली उच्च प्राथमिकता तथा हमारे संबंधों को सर्वथा नयी उंचाइयों पर ले जाने का हमारा दृढ निश्चय उजागर होता है।’ प्रधानमंत्री ने कहा कि यात्रा के दौरान उन्हें द्विपक्षीय संबंधों के व्यापक दायरे के बारे में नेपाली नेतृत्व के साथ विस्तार से चर्चा करने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि वह नेपाल के नेतृत्व के साथ काम करने के लिए उत्सुक हैं ताकि ‘हमारे तेजी से बदल रहे दोनों देशों के बीच नयी शताब्दी में नये संबंध बनाये जा सकें।’

प्रधानमंत्री ने 23 वर्ष के लंबे अंतराल के बाद भारत-नेपाल संयुक्त आयोग की हालिया बैठक का उल्लेख किया और कहा कि इसमें आर्थिक संबंधों, व्यापार एवं संपर्क कायम करने पर ध्यान केन्द्रित करते हुए हमारे द्विपक्षीय संबंधों के पूरे दायरे की समीक्षा की गयी। उन्होंने कहा, ‘सीमा पर आधारभूत ढांचे के विकास के लिए हमारी मौजूदा परियोजनाओं से सीमाओं के दोनों ओर रह रहे लोगों की आर्थिक समृद्धि की शुरूआत होगी और संपर्क बढ़ेगा।’ मोदी ने कहा कि यात्रा के दौरान दोनों पक्ष विकास सहयोग को और मजबूत बनाने के तरीकों पर विचार विमर्श करेंगे।

उन्होंने कहा, ‘मैं नेपाली नेतृत्व के साथ हमारे देशों के मध्य लोगों के बीच संबंध को और मजबूत बनाने तथा हमारी खुली सीमा के दोनों ओर लोगों विशेषकर युवाओं के बीच बाधाहीन संपर्क कायम करने के बारे में विचार विमर्श करूंगा।’ मोदी ने 26 मई को उनके शपथ ग्रहण समारोह में कोइराला द्वारा व्यक्त की गयी प्रसन्नता का स्मरण करते हुए कहा कि इससे भारत के साथ नेपाल के लोगों की एकजुटता और लोकतंत्र के प्रति साझा प्रतिबद्धता प्रदर्शित हुई।

उन्होंने कहा कि नेपाल ने अपनी शांति प्रक्रिया तथा बहु दलीय राजनीति की ओर राजनीतिक संक्रमण में प्रशंसनीय प्रगति की है। मोदी ने कहा, ‘नवंबर 2013 में संविधान सभा सह संसदीय चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न होना नेपाली नेतृत्व और नेपाल के लोगों की दूरदर्शिता का एक अन्य प्रमाण है।’ प्रधानमंत्री ने नेपाल के लोगों और निर्वाचित प्रतिनिधियों द्वारा उन्हें नेपाली संसद को संबोधित करने का दुर्लभ सम्मान देने के लिए आभार व्यक्त किया। मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘मेरे लिए नेपाल यात्रा का एक महत्व यह भी है कि मुझे सावन के सोमवार के अवसर पर भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन करने का सौभाग्य मिलेगा।’’

नरेंद्र मोदी रविवार सुबह 10.50 बजे नेपाल के काठमांडू एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट और अन्य स्थल जहां मोदी जाएंगे को छावनी में बदल दिया गया है। चार स्तरों के अभेद्य सुरक्षा घेरे में नरेंद्र मोदी रहेंगे। मोदी के लिए बुलेटप्रुफ बीएमडब्ल्यू गाड़ी भारत से ही जाएगा। एसपीजी की टीम काठमांडू पहुंच चुकी है। मोदी की यात्रा को देखते हुए नेपाल सरकार ने दो दिन के औपचारिक अवकाश का ऐलान किया है।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com