विपक्ष का कौन राष्ट्रपति उम्मीदवार?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह किसे राष्ट्रपति का उम्मीदवार बनाएंगे, इसे लेकर अटकलें चल रही हैं। लेकिन यह नहीं पूछा जा रहा है कि विपक्ष किसे उम्मीदवार बनाएगा। इससे पहले के चुनावों में विपक्षी उम्मीदवार को लेकर भी खूब चर्चा होती थी। पिछली बार बड़ी तैयारी के साथ विपक्ष ने पीए संगमा को उतारा था। उससे पहले भैरोसिंह शेखावत और कैप्टेन लक्ष्मी सहगल का नाम भी खूब जोश खरोश के साथ तय हुआ था। लेकिन इस साल अभी तक विपक्ष की ओर से कोई पहल नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि पिछले दिनों कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और सीपीएम महासचिव सीताराम येचुरी की मुलाकात में इस बारे में कुछ बात हुई। इसी तरह कुछ दिन पहले ओड़िशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच भी विपक्ष के साझा उम्मीदवार को लेकर चर्चा हुई थी। लेकिन अभी तक औपचारिक पहल नहीं हुई है। विपक्ष के जानकार नेताओं का कहना है कि संसद के चालू सत्र के बाद इस पर बातचीत होगी।
यह भी कहा जा रहा है कि विपक्षी नेता इसका इंतजार कर रहे हैं कि सत्तापक्ष की ओर से किसका नाम प्रस्तावित किया जाता है। अगर कोई बड़ा और आम सहमति वाला नाम हुआ तो विपक्ष को दिक्कत होगी। मिसाल के तौर पर भाजपा का हर बात में विरोध कर रही उसकी सहयोगी पार्टी शिवसेना लालकृष्ण आडवाणी के नाम का समर्थन कर सकती है। शिवसेना सुषमा स्वराज के नाम का भी समर्थन करेगी। इसी तरह ममता बनर्जी ने भी आडवाणी के नाम का समर्थन करने की घोषणा की है।
विपक्षी नेता इस बात पर भी विचार कर रहे हैं कि किसी राजनीतिक व्यक्तित्व को उम्मीदवार बनाया जाए या गैर राजनीतिक व्यक्ति उतारा जाए। बहरहाल, विपक्ष की ओर से एनसीपी नेता शरद पवार एक पसंद हो सकते हैं। उनके नाम पर पूरा विपक्ष एकजुट हो सकता है और शिवसेना भी साथ आ सकती है। उनके अलावा दूसरा नाम शरद यादव का है। पहले भी उनके नाम की चर्चा होती रही है। उनके अलावा मुलायम सिंह यादव भी एक दावेदार हो सकते हैं। दक्षिण भारत की पार्टियां डीएमके प्रमुख करुणानिधि के नाम का दांव भी चल सकती हैं। लेकिन इनमें से किसी भी नाम पर फैसला भाजपा के उम्मीदवार की घोषणा के बाद ही होगा।
No comments
सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com