-->

Breaking News

जेल जाने के डर से BJP की शरण में गए नितीश : लालू


भागलपुर: राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने रविवार को भागलपुर में आयोजित रैली से नीतीश सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सृजन घोटाले में जेल जाने के डर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार महागठबंधन तोड़कर बीजेपी की शरण में चले गए. लालू यादव भागलपुर की सैंडिस ग्राउंड में सृजन घोटाले पर आयोजित  रैली को संबोधित कर रहे थे. 

लालू यादव ने कहा कि दिल्ली में बीजेपी को इस घोटाले का अंदाजा हो गया था और एक अलिखित धमकी भरा संदेश नीतीश कुमार को दिया गया कि जेल जाना पड़ सकता हैं. जिसके दबाव में नीतीश कुमार बीजेपी की शरण में चले गए. लालू ने दावा किया कि अगर वह न होते तब बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह नीतीश कुमार को पान की तरह चबा कर थूक देते. लालू ने कहा कि नीतीश कुमार को कुर्सी का इतना प्रेम है कि वह मुख्यमंत्री की कुर्सी पर ही मरना चाहते हैं. हालांकि इस रैली में लालू यादव ने राजनीतिक मर्यादा तोड़ते हुए नीतीश कुमार को लेकर कुछ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल भी किया.

इससे पहले उनके बेटे तेजप्रताप यादव ने अपने भाषण में नीतीश कुमार को एक गर्भवती महिला की तरह बता दिया था. राजद की इस रैली में हालांकि पिछले कई दिनों की तैयारी के बाबजूद बहुत ज्यादा भीड़ नहीं जुटी, लेकिन लालू ने अपने मामलों और राजनीतिक विरोधी बीजेपी पर जमकर निशाना साधा. लालू ने आरोप लगाया कि इस रैली को भी बाधित करने का प्रयास किया गया. सीबीआई का इस्तेमाल किया गया. कल मुझे दिल्ली में समन भेजा गया, लेकिन मैंने कहा कि उन्होंने सीबीआई को पत्र लिखकर कहा की भागलपुर में महाघोटाला हुआ हैं. रांची में भी मेरी तरफ से गवाही हो रही हैं. 20 साल 25 साल से मुक़दमा मुक़दमा मुक़दमा हमको आदत हो गई है. 

लालू यादव ने तेजस्वी यादव के खिलाफ मामलों पर भी बोलते हुए कहा की हमारे बाल-बच्चों में तेजस्वी आगे बढ़ रहा हैं. उसने विधानसभा में नीतीश और सुशील मोदी को निरुत्तर कर दिया. नीतीश कुमार का माथा खनकने लगा. आज न कल ये मुख्यमंत्री बन जाएगा. इसलिए उसे फंसाया जा रहा हैं. लालू ने दावा किया कि जनता के आशीर्वाद से तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेगा. 

सृजन घोटाले के नाम पर आयोजित इस रैली में लालू यादव ने कोई नया खुलासा नहीं किया. उन्होंने सीबीआई के अधिकारियो से कई आग्रह किए. जिसमें सृजन घोटाले के पैसे का जहां-जहां निवेश हुआ खासकर बीजेपी सांसद, निशिकांत दुबे की जमीन पर बन रहे मॉल को जल्द से जल्द जब्त करवाने की बात कही.

लालू यादव ने कहा कि सीबीआई के अफसर जरूर यहां होंगे. उन्होंने पूछा की आखिर नीतीश कुमार के खिलाफ अभी तक एफआईआर क्यों नहीं हुआ. रैली में सृजन के अलावा, लालू ने कई और मुद्दों को भी छेड़ा, जिनके बारे में पटना के गांधी मैदान में वह बोल चुके थे. उन्होंने यह भी घोषणा किया कि मंगलवार को उनकी पार्टी द्वारा पूरे राज्य में सृजन घोटाले पर धरना का आयोजन किया जाएगा. 


संभार : अन्य प्रतिष्ठित न्यूज़ पोर्टल 

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com