-->

Breaking News

मशहूर चित्रकार एम.एफ. हुसैन के 100वीं जयंती पर गूगल ने डूडल बनाकर दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली। मशहूर चित्रकार एम.एफ. हुसैन के 100वीं जयंती पर गूगल ने डूडल बनाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी है। गूगल के इस महान चित्रकार को उसके जन्मदिन पर सलाम करने का अंदाज कई लोगों को पसंद नहीं आया है। ऐसे लोग गणपति उत्सव और पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से ऊपर हुसैन को रखने पर गूगल की आलोचना भी कर रहे हैं। बता दें कि हुसैन का जन्म 17 सितंबर 1915 को महाराष्ट्र के पंढरपुर में हुआ था और आज उनकी जन्मशती है।

गूगल के डूडल पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी अलग-अलग तरह की रही। एक धड़ा जहां इसे लेकर सर्च इंजन को निशाने पर ले रहे हैं, वहीं कई यूजर्स ऐसे भी हैं जो इसे सही ठहराते हुए दिखाई दे रहे हैं। @tivra123 हैंडल से हुए ट्वीट में लिखा गया है कि प्रगतिशील कला के नाम पर हिंदू देवी देविताओं के अभद्र चित्र बनाने वाले को इतना सम्मान सिर्फ इसी देश में मिल सकता है। ‏@KartikDhar ने ट्वीट किया, 'डियर गूगल इंडिया, आज सम्मानित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है लेकिन आपने एमएफ हुसैन को चुना!! अपने तर्क को सही साबित करें...'  

विवादों के बीच, सोशल मीडिया पर भी हुसैन को यूजर्स अलग-अलग तरीके से याद किया गया। @Zeh_Naseeb ने ट्वीट किया, 'हुसैन बहुत बड़े प्रेरक हैं, भारत के अभी तक के सर्वश्रेष्ठ चित्रकार हैं। वह सम्मान के योग्य हैं।'

सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने समंदर किनारे रेत से बनाई गई उनकी काया की तस्वीर साझा की है और लिखा, 'एम.एफ. हुसैन के 100वें जन्मदिन पर भारत के महान कलाकार को मेरी श्रद्धांजलि।'

हुसैन का विवादों से गहरा रिश्ता रहा है। वह हिंदू देवी-देवताओं की पेटिंग्स बनाकर कट्टर संगठनों के निशाने पर आ गए थे। उन्होंने अपनी पेंटिग्स में इंदिरा गांधी को दुर्गा बनाया, रामायण-महाभारत को भी चित्रित किया।

वह भारत के एक ऐसे चित्रकार थे जिनकी कृतियां सबसे अधिक दाम में बिकती थी। हिंदू देवी-देवताओं की नग्न तस्वीर को लेकर कई कानूनी मामलों और धमकियों के बाद वर्ष 2006 में उन्होंने भारत छोड़ दिया।

1940 के आसपास अपना करियर शुरू करने वाले हुसैन ने शुरुआती दिनों में फिल्मों के बिलबोर्ड पेंट किए थे। 1947 में उन्होंने प्रोग्रेसिव आर्टिस्ट ग्रुप जॉइन किया, जो ऐसे कलाकारों को बढ़ावा देता था जो पारंपरिक चित्रों से हटकर कुछ अलग करना चाहते थे। हुसैन को 1953 में पद्म श्री, 1973 में पद्म भूषण और 1991 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। हुसैन की घोड़े सीरीज की पेंटिंग्स कीफी फेमस हुई थी। हुसैन को महिलाओं की पेंटिंग्स बनाना सबसे ज्यादा पसंद था।

बॉलीवुड फिल्म अभिनेत्री माधुरी दीक्षित की फिल्म 'हम आपके हैं कौन' देखने के बाद हुसैन उनके दीवाने हो गए थे। बताया जाता है कि उन्होंने माधुरी की फिल्म 'हम आपके हैं कौन'73 बार देखी थी। इसी के चलते उन्होंने माधुरी को लेकर एक फिल्म (गजगामिनी, 2000) भी बनाई थी, जो सुपर फ्लॉप रही। माधुरी के अलावा तब्बू, विद्या बालन, अमृता राव और अनुष्का शर्मा जैसी फिल्म अभिनेत्रियों के भी हुसैन बड़े फैन थे।

कला के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले हुसैन अपनी प्रशंसा और आलोचनाओं की बीच काफी विवादित भी रहे। उनकी तमाम पेंटिंग्स पर विवाद हुआ। हुसैन को हिंदू देवियों दुर्गा, लक्ष्मी और सरस्वती की नग्न तस्वीरें बनाने के लिए कड़ी आलोचना का शिकार होना पड़ा। जिसके बाद उनके खिलाफ कई जगह मुकदमे भी दर्ज कराए गए थे।

हरिद्वार की एक अदालत की समन का जब उन्होंने जवाब नहीं दिया तब अदालत ने उनकी संपत्ति कुर्क करने का आदेश दिया। इंदौर की एक अदालत ने उनके खिलाफ जमानती वारंट भी जारी किया। लेकिन, उच्चतम न्यायालय ने दोनों अदालतों के आदेशों पर रोक लगा दी।

कानूनी दांव पेंच और विवादों से गुजर रहे हुसैन ने भारतीय पासपोर्ट सौंप दिया और वर्ष 2010 में कतर की नागरिकता ग्रहण कर ली थी। हुसैन का निधन 9 जून 2011 को लंदन के अस्पताल में हुआ था।

लंदन में भी विवाद ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। वर्ष 2006 में जब एशिया हाउस ने हुसैन की कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगाई, तब हिंदू फोरम ऑफ ब्रिटेन ने उनके खिलाफ अभियान छेड़ दिया। इसके बाद आयोजकों को प्रदर्शनी बीच में बंद करनी पड़ी।

अपने अंतिम इंटरव्यू में उन्होंने अपने जीवन के अंतिम दिन अपने देश में व्यतीत करने के लिए स्वदेश लौटने की इच्छा जताई थी लेकिन ऐसा कभी हो नहीं पाया।

No comments

सोशल मीडिया पर सर्वाधिक लोकप्रियता प्राप्त करते हुए एमपी ऑनलाइन न्यूज़ मप्र का सबसे ज्यादा पढ़ा जाने वाला रीजनल हिन्दी न्यूज पोर्टल बना हुआ है। अपने मजबूत नेटवर्क के अलावा मप्र के कई स्वतंत्र पत्रकार एवं जागरुक नागरिक भी एमपी ऑनलाइन न्यूज़ से सीधे जुड़े हुए हैं। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ एक ऐसा न्यूज पोर्टल है जो अपनी ही खबरों का खंडन भी आमंत्रित करता है एवं किसी भी विषय पर सभी पक्षों को सादर आमंत्रित करते हुए प्रमुखता के साथ प्रकाशित करता है। एमपी ऑनलाइन न्यूज़ की अपनी कोई समाचार नीति नहीं है। जो भी मप्र के हित में हो, प्रकाशन हेतु स्वीकार्य है। सूचनाएँ, समाचार, आरोप, प्रत्यारोप, लेख, विचार एवं हमारे संपादक से संपर्क करने के लिए कृपया मेल करें Email- editor@mponlinenews.com/ mponlinenews2013@gmail.com